केजरीवाल की लोकप्रियता से घबराकर भाजपा उन्हें रोकने की साजिश रच रही: सिसोदिया

Published On

नयी दिल्ली l आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की बढ़ती लोकप्रियता और आप के बढ़ते ग्राफ से केंद्र में बैठी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बुरी तरह बौखला चुकी है और इसी बौखलाहट में केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर पार्टी के खिलाफ लगातार षड्यंत्र रचा जा रहा है।

सिसोदिया ने संवाददाता सम्मेलन में आज कहा कि भाजपा ने कल मेरे घर पर जिस एक्साइज पॉलिसी के लिए सीबीआई की रेड करवाई वो इस देश की सबसे शानदार एक्साइज पॉलिसी है। अगर इस एक्साइज पॉलिसी के लागू होने से ठीक 48 घंटे पहले उपराज्यपाल से उनका निर्णय नहीं बदलवाया गया होता तो दिल्ली सरकार को हर साल 10 हजार करोड़ का राजस्व मिलता। अगर इनका मुद्दा शराब माफियाओं का भ्रष्टाचार रोकना होता तो सबसे पहले गुजरात में सीबीआई की रेड करवाते क्योंकि गुजरात में हर साल 10 हजार करोड़ की एक्साइज चोरी की जा रही है और ये चोरी इन्हीं के लोग करवा रहे है। इनका मुद्दा भ्रष्टाचार रोकना होता तो जांच 14 हजार करोड़ के उस घोटाले की होती जो बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे बनाने में किया गया,‌जो प्रधानमंत्री के उद्घाटन करने के पांच दिन के अंदर ही धंस गया।

उन्होंने कहा कि भाजपा की परेशानी भ्रष्टाचार नहीं बल्कि श्री केजरीवाल हैं, जिनकी आज देशभर में चर्चा हो रही है कि 2024 में एक मौका केजरीवाल जी को देंगे। इसीलिए झूठे आरोपों में केजरीवाल जी के स्वास्थ्य मंत्री के बाद उनके शिक्षा मंत्री को भी जेल में डालने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। उस मुख्यमंत्री को सपोर्ट करने के बजाए, साजिश कर रोका जा रहा है जो शिक्षा और स्वास्थ्य के जरिए देश को तरक्की की राह पर लेकर चल रहा है। प्रधानमंत्री की तरह अपने चंद अरबपति दोस्तों की बेहतरी के बजाय हर बच्चे को अच्छी शिक्षा देने, गरीब से गरीब व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के विषय में सोचते हैं।

उप मुख्यमंत्री ने आगे कहा , “ हम भगत सिंह की संतान हैं। ईडी-सीबीआई से डरने वाले नहीं हैं। भाजपा के पैसों से बिकने वाले नहीं हैं। वह हमें नहीं तोड़ पाएंगे, हमें झुका नहीं पाएंगे।‌ हम देश के लिए जेल जाएंगे, अपनी जान कुर्बान करेंगे पर लाखों बच्चों का भविष्य संवारना, करोड़ों लोगों का इलाज करना बंद नहीं करेंगे। हम डरने वाले नहीं हैं और अगला चुनाव अरविंद केजरीवाल बनाम नरेंद्र मोदी होकर रहेगा।”

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts