नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने करीब पांच दशक तक कांग्रेस में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम करने के बाद आज पार्टी को अलविदा कहते हुए कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया। आजाद ने अपने साढ़े चार पेज के लंबे पत्र में गांधी परिवार के युवा नेता राहुल गांधी की तीखी आलोचना की लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से लेकर सोनिया गांधी तक गांधी परिवार से रहे अपने करीबी संबंधों का उल्लेख करते हुए उनकी नेतृत्व क्षमता की सरहाना की है। उन्होंने पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को विस्तार से पत्र लिखकर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से लेकर सभी पदों से इस्तीफा दिया है।
गांधी परिवार के साथ अपने नजदीकी संबंधों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, पार्टी के पूर्व नेता संजय गांधी और आपके पति तथा देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ उनके बहुत करीबी संबंध रहे हैं। उन्होंने श्रीमती गांधी के नेतृत्व की भी सरहाना की और कहा कि अपने काम के करण वह उनके भी विश्वासपात्र रहे।
पत्र में राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए आजाद ने कहा, “ आपके नेतृत्व में पार्टी अच्छा प्रदर्शन कर रही थी लेकिन दुर्भाग्य से जब से पार्टी में गांधी की एंट्री हुई और खासतौर पर 2013 के बाद जब आपने उनको पार्टी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया, उन्होंने पार्टी में संवाद के सिलसिले की परंपरा का खाका ही ध्वस्त कर दिया। उन्होंने पार्टी पर कब्ज़ा करते ही सभी वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को किनारा करना शुरु कर दिया और अनुभवहीन नेता उनकी नज़दीकी का फायदा उठाकर पार्टी के सभी मामले देखने लगे।”
कांग्रेस की सर्वोच्च नीति निर्धारक संस्था कांग्रेस कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक 28 अगस्त को होगी जिसमें पार्टी अध्यक्ष के चुनाव कार्यक्रम को लेकर विचार विमर्श जाएगा। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट करके बताया कि बैठक रविवार, 28 अगस्त को दोपहर बाद 3.30 बजे बुलाई गई है। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के लिए कार्यक्रम तय किया जाएगा। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी बैठक की अध्यक्षता करेंगी। उसके बाद श्रीमती गांधी इलाज के लिए अपने पुत्र राहुल गांधी तथा पुत्री प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ विदेश जाएंगीं और इटली में अपनी बीमार मां से मिलने के बाद वापस आएंगी। गौरतलब है कि पार्टी के नए अध्यक्ष का चुनाव 21 अगस्त से 20 सितंबर के बीच कराने का निर्णय लिया है। इस पद के लिए कौन कौन उम्मीदवार होंगे यह अभी तय नहीं किया गया है।
सोनिया इलाज के लिए विदेश जाएंगी
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी मेडिकल जांच के लिए विदेश जाएंगी और इस दौरान पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा महासचिव प्रियांका गांधी वाड्रा भी उनके साथ होंगे। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने यह जानकारी देते हुए बताया कि स्वस्थ होने के बाद श्रीमती गांधी यहां लौटने से पहले अपनी बीमार मां से मिलने जाएंगे और उनके स्वास्थ्य के हाल-चाल के बारे में जानकारी लेंगी। गांधी चार सितंबर से पहले वह दिल्ली लौट आएंगे। चार सितंबर को यहां पार्टी द्वारा आयोजित ‘महंगाई पर हल्ला बोल रैली’ है जिसको गांधी संबोधित करेंगे।
अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter, Instagram, LinkedIn , YouTube पर फॉलो करें।