आईएमएफ ने की भारत की सराहना

Published On

वॉशिंगटन/नयी दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने कोरोना वायरस ‘कोविड 19’ महामारी के संक्रमण को रोकने के लिए भारत सरकार द्वारा देश में लॉकडाउन लागू करने के फैसले को ‘विवेकपूर्ण’ बताते हुए गुरूवार को इसकी सराहना की। विश्व स्वास्थ्य संगठन के बाद आईएमएफ दूसरी शीर्ष अंतरराष्ट्रीय एजेंसी है जिसने भारत के उपायों की तारीफ की है। आईएमएफ के एशिया एवं प्रशांत विभाग के निदेशक चांग्योंग री ने कहा, “हम भारत सरकार के लॉकडाउन की पहल का स्वागत करते हैं।

निश्चित रूप से इससे विकास दर में गिरावट आयेगी। लेकिन यह एक विवेकपूर्ण फैसला है।” IMF और विश्व बैंक की ग्रीष्मकालीन बैठक में एशिया-प्रशांत क्षेत्र के आर्थिक परिदृश्य पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में श्री री ने कहा कि रिजर्व बैंक ने भी उचित वित्तीय उपाय किये हैं, लेकिन यदि यह संकट जल्द समाप्त नहीं होता तो और अधिक उपाय करने होंगे। भारत के पास इतनी गुंजाइश है कि वह सबसे जरूरी काम पर पहले ध्यान दे। आईएमएफ ने बैठक के पहले दिन 14 अप्रैल को जारी अपनी रिपोर्ट में कहा था कि चालू वित्त वर्ष में भारत की विकास दर 1.9 प्रतिशत रहेगी, जबकि वैश्विक विकास दर तीन फीसदी ऋणात्मक रहेगी।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts