ट्रम्प की बेटी इवांका और भारतीय मूल की निक्की हेली अध्यक्ष पद की दौड़ में

Published On

इवांका ट्रम्प फिलहाल अपने पिता डोनाल्ड ट्रम्प की हैं सलाहकार

वॉशिंगटन(एजेंसी)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की बेटी इवांका ट्रम्प और संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत रह चुकीं निक्की हेली विश्व बैंक के अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मौजूदा अध्यक्ष जिम योंग किम के हटने के बाद अमेरिका से यह दोनों महिलाएं पद की दावेदार हो सकती हैं। दरअसल, किम ने पिछले हफ्ते ही अपने इस्तीफे का ऐलान कर दिया था। अध्यक्ष के तौर पर उनका तीन साल से भी ज्यादा का कार्यकाल बचा था। इसके बाद गुरुवार को ही बैंक के बोर्ड की बैठक में फैसला हुआ कि फरवरी की शुरुआत में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन शुरू कर दिया जाएगा और अप्रैल के मध्य में उनके स्थान पर किसी और को चुन लिया जाएगा।

महिला उद्यमिता के प्रचार में भूमिका निभा चुकी हैं इवांका

महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विश्व बैंक से 1 अरब डॉलर (करीब 70 अरब रुपए) का फंड सऊदी अरब को दिलाने के पीछे भी इवांका का बड़ा हाथ माना जाता है। हालांकि, अमेरिका के ट्रेजरी डिपार्टमेंट ने अभी किसी भी उम्मीदवारी की दावेदारी से इनकार किया है। डिपार्टमेंट के एक प्रवक्ता के मुताबिक, विश्व बैंक के अध्यक्ष पद के लिए उन्हें कई सिफारिशें मिल चुकी हैं। जल्द ही अमेरिका इस पद के लिए किसी को नामित कर देगा। हालांकि, इससे पहले उम्मीदवारों के नामों की आंतरिक समीक्षा की जाएगी।

विश्व बैंक अध्यक्ष चुनने में अमेरिका का बड़ा किरदार

अमेरिका एक अनाधिकारिक समझौते के तहत विश्व बैंक का सबसे बड़ा शेयरधारक है। दूसरे विश्व युद्ध के बाद से ही विश्व बैंक का अध्यक्ष चुनने में वह अपनी ताकत इस्तेमाल करता आया है। हालांकि, इस बार अपने किसी उम्मीदवार को अध्यक्ष बनाना अमेरिका के लिए मुश्किल हो सकता है। दरअसल, 2012 में किम पहले अमेरिकी नामित उम्मीदवार थे, जिन्हें विश्व बैंक में चुनाव का सामना करना पड़ा था। दरअसल, बैंक बोर्ड का कहना है कि अध्यक्ष के चुनाव के तरीका खुला और पारदर्शी होगा। इसमें गैर-अमेरिकी उम्मीदवार के चुने जाने की भी संभावनाएं जताई गई थीं।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts