कोलारस और मुंगावली विधानसभा उपचुनाव के लिए मतगणना शुरू

Published On

भोपाल। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के कोलारस और अशोकनगर जिले के मुंगावली विधानसभा उपचुनाव की मतगणना आज सुबह 8 बजे सख्त सुरक्षा प्रबंधों के बीच शुरू हो गयी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार कोलारस के वोटों की गिनती 23 और मुंगावली में मतों की गणना 19 राउंड में होगी। कोलारस में 22 और मुंगावली में 13 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला तय होगा। कोलारस में मतगणना शासकीय आईटीआई कॉलेज तथा मुंगावली के वोटों की गिनती अशोकनगर स्थित शासकीय नेहरू डिग्री कॉलेज में हाे रही है। सबसे पहले डाक मतपत्र की गिनती शुरू हुयी। सम्पूर्ण मतगणना की वीडियोग्राफी करवायी जा रही है। मतगणना स्थल पर सुरक्षा की त्रि-स्तरीय व्यवस्था की गयी है।

दोनों स्थल पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की एक-एक कम्पनी तथा स्थानीय पुलिस बल तैनात किया गया है। प्राधिकार पत्र के बिना किसी भी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं है। मतगणना स्थल पर कैमरा, मोबाइल फोन आदि ले जाना प्रतिबंधित किया गया है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में रेंडम आधार पर चुने गये एक मतदान केन्द्र पर वोटर वेरीफिएबल पेपर आडिट ट्रेल (वीवीपेट) पेपर स्लिप का सत्यापन भी होगा। कोलारस में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी देवेंद्र जैन और कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र सिंह यादव के बीच है। वहीं मुंगावली में भाजपा ने बाईसाहब यादव और कांग्रेस ने बृजेंद्र सिंह यादव पर दांव खेला है।

पिछले विधानसभा चुनाव में कोलारस से कांग्रेस के रामसिंह यादव और मुंगावली से पार्टी के ही महेंद्र सिंह कालूखेड़ा ने जीत हासिल की थी। दोनों के निधन के कारण उपचुनाव हो रहे हैं। दोनों स्थानों पर उपचुनाव के लिए 24 फरवरी को मतदान हुआ था। कोलारस में 70़ 46 प्रतिशत और मुंगावली में 77.05 फीसदी मत डाले गए थे। कोलारस में दो लाख 44 हजार 457 मतदाताओं में से एक लाख 72 हजार 115 ने वोट डाले। मुंगावली में एक लाख 91 हजार नौ मतदाताओं में से एक लाख 47 हजार 164 ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।

About The Author

Related Posts