इमारत में आग लगने से 4 की मौत, 16 अन्य झुलसे

Published On

मुंबई (एजेंसी)। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई (Mumbai) के परेल क्षेत्र में 17 मंजिला इमारत की 12वीं मंजिल पर बुधवार को भीषण आग लग जाने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गयी और 16 अन्य झुलस गये।

मुंबई दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हिंदमाता में क्रिस्टल टावर इमारत की 12 मंजिल में आग लगने की सूचना सुबह 8:32 बजे मिली थी और इसके तुरंत बाद 10 दमकलों को मौके पर भेजा गया।

इसके साथ चार टैंकर और एक एंबुलेंस भी भेजी गई थी। इमारत में आग लगने के बाद चारों तरफ काफी धुआं फैलने से भीतर रह रहे लोग वहीं फंस गए थे और लगभग 30 लोगों को विशेष उपकरणों तथा सीढ़ियों की मदद से निकाला गया। आग पर काफी मशक्कत के बाद काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान एक वृद्ध महिला सुभदा साल्के (62) के तौर पर की गयी है।

इस हादसे में तीन अन्य पुरुष मारे गए है। धुएं और आग से प्रभावित लोगों में 10 पुरुष और छह महिलाएं हैं जिन्हें समीप के केईएम अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। इनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

 

 
 

 

About The Author

Related Posts