अब एम्स दिल्ली में होगा सुक्खू का इलाज, पेट में संक्रमण

Published On

शिमला (एजेंसी)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली के लिए रवाना हो गये। अब सुक्खू का दिल्ली एम्स में उपचार होगा। अस्पताल से वह सुबह करीब नौ बजे रवाना हो गए। सुक्खू बुधवार देर रात अचानक उपचार के लिए आईजीएमसी आए थे। उनके पेट में दर्द था। लिहाजा उनका अल्ट्रासाऊंड टेस्ट करवाया गया था। जिसमें उनके पेट में संक्रमण का पता चला। इसके बाद से सुक्खू का दिनभर अस्पताल में उपचार चला। मुख्यमंत्री सुक्खू को आईजीएमसी के स्पेशल वार्ड में कमरा नंबर 634 में दाखिल कराया गया था। गुरुवार को भी सुक्खू दिनभर छह सदस्य डॉक्टरों की टीम की निगरानी में रहे। इस बीच अन्य के टेस्ट भी किए गए।

इससे पहले, अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल राव ने बताया कि मुख्यमंत्री की हालत में सुधार है। बताया कि कुछ समय तक अभी वह अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उपचाराधीन रहेंगे। वहीं, गुरुवार को मुख्यमंत्री का हाल जानने कई मंत्री अस्पताल पहुंचे। वहीं, मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि घबराने वाली कोई बात नहीं है। मुख्यमंत्री कुछ दिन से मंडी, कुल्लू और बिलासपुर के दौरे पर थे। लिहाजा खाने की वजह से पेट में संक्रमण हुआ है। अस्पताल में रूटीन टेस्ट और अन्य जांच चल रही है। चिकित्सकों ने उन्हें एक-दो दिन आराम करने की सलाह दी है। इससे स्वास्थ्य में जल्द सुधार होगा।

About The Author

Related Posts