सैनिकों को मिले सम्मान जिसके हैं वे हकदार: राहुल गांधी

Published On

नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज़)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने कहा है कि मोदी सरकार पूर्व सैनिकों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है जिसके कारण उनका संकट लगातार गहराता जा रहा है। गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि सरकार उन पूर्व सैनिकों की उपेक्षा कर रही है जिन्होंने देश की सेवा की है। सरकार को पूर्व सैनिकों को वह सारी सुविधाएं देनी चाहिए जिसके वे हकदार हैं।

कांग्रेस नेता ने पूर्व सैनिकों से हुई एक मुलाकात का हवाला देते हुए कहा “जनसंसद में कुछ दिन पहले देश की रक्षा में घायल होने वाले पूर्व सैनिकों से मुलाकात हुई। उन्होंने एक्स सर्विसमैन कंट्रीब्यूटरी हेल्थ स्कीम (ईसीएचएस) में प्रतिपूर्ति में देरी, दवाइयों की कमी, अस्पतालों का इलाज से इनकार या बकाया राशि का भुगतान नहीं होने के कारण योजना से बाहर हो जाने जैसी गंभीर कमियों के बारे में बताया।”

गांधी ने आगे कहा “72 लाख से भी अधिक पूर्व सैनिक और उनके परिवार अपनी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए इस योजना पर निर्भर हैं। मैंने जब यह मुद्दा संसद में उठाया, तो मोदी सरकार ने मेरे सवालों को टालने की कोशिश की। सरकार के पास न बकाया रकम के बारे में कोई जानकारी है, न ही उसने देरी के कारणों पर कोई स्पष्ट जानकारी दी-बस इतना स्वीकार किया कि देरी होती है। कैग ने हाल ही में कहा है कि ईसीएचएस को पर्याप्त धनराशि नहीं मिल रही है – लेकिन सरकार ने यह जवाब देने से मना कर दिया कि हमारे पूर्व सैनिकों की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आवश्यक धनराशि क्यों नहीं दी जा रही है।”

उन्होंने कहा कि विकलांग पूर्व सैनिकों के लिए टैक्स छूट से जुड़े मेरे सवाल को भी नजरअंदाज कर दिया-इसी बीच वित्त विधेयक में यह प्रस्ताव रखा गया है कि यदि कोई सैनिक सेवा में बना रहता है, तो उसकी विकलांगता पेंशन पर टैक्स लगाया जाएगा। यह कदम उन सैनिकों को सजा देने जैसा है जो देश की सेवा जारी रखते हैं। हमारी बहादुर सेना देश के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर देती है। सरकार कम से कम उन्हें वह सम्मान और समर्थन तो दे, जिसके वे असली हकदार हैं।

यह भी पढ़ें:– Benefits Of Sleep: 7-8 घंटे की नींद क्यों है जरूरी? जानिए एक्सपर्ट्स की राय और सेहत पर इसका असर

About The Author

Related Posts