12 मई से यात्रियों के लिये विशेष ट्रेनें शुरु करेगी रेलवे

Published On

नयी दिल्ली। भारतीय रेलवे ने 12 मई से यात्री रेलसेवाओं को आंशिक रूप से शुरू करने का फैसला किया है और इसकी शुरुआत नयी दिल्ली से 15 जोड़ी गाड़ियों के परिचालन के साथ होगी और इसके लिए केवल ऑनलाइन टिकट दिये जाएंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार भारतीय रेलवे इन गाड़ियों को विशेष ट्रेनों के रूप में चलायेगी जो डिब्रूगढ़, अगरतला, हावड़ा, पटना, बिलासपुर, रांची, भुवनेश्वर, सिकंदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, तिरुवनंतपुरम, मडगांव, मुंबई सेंट्रल, अहमदाबाद और जम्मू तवी के लिए और वहां से वापसी की दिशा में चलायी जाएंगी। ये ट्रेनें रास्ते में प्रमुख स्टेशनों पर रुकेंगी। ये सभी वातानुकूलित गाड़ियाँ होंगीं तथा किराया राजधानी एक्सप्रेस के बराबर होगा। गाड़ियों के परिचालन के अन्य विवरण अभी विचाराधीन हैं।

Railways Special Trains

सूत्रों के अनुसार इन गाड़ियों के लिए सोमवार 11 मई को अपराह्न चार बजे से भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग शुरु हो जाएगी। रेलवे स्टेशनों पर कोई भी टिकट काउंटर नहीं खुलेगा। केवल कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को स्टेशन आने दिया जाएगा। सभी यात्रियों के लिए फेस कवर पहनना अनिवार्य होगा। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही केवल उन यात्रियों को प्रवेश करने दिया जाएगा जिनमें कोरोना संक्रमण के कोई लक्षण नहीं होंगे। सूत्रों ने बताया कि इसके पश्चात रेलवे अन्य मार्गों पर भी विशेष ट्रेनें चलाएगी। रेलवे ये सेवाएं कोविड-19 केयर सेंटरों के लिए आवंटित 20 हजार कोचों तथा 300 श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के परिचालन के बाद बचे कोचों के आधार पर चलाएगी। सूत्रों ने यह भी बताया कि श्रमिक स्पेशल ट्रेनों का परिचालन होता रहेगा।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts