Himachal Weather: शिमला में बारिश से तबाही शुरू, गुरुद्वारे के समीप भारी भूस्खलन

Published On

शिमला, (एजेंसी)। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में दीन दयाल उपाध्याय (रिपन) अस्पताल के नजदीक निमार्णाधीन पार्किंग के समीप बारिश के कारण भारी भूस्खलन हुआ है। सूचना मिलते ही जिलाधीश 9:45 मिनट पर आला अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर निरीक्षण करने पहुंचे। जिलाधीश अनुपम कश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि भूस्खलन से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाधित यातायात को एक तरफ यातायात के तौर पर सुचारू रूप से चलाया है और धंस रहे हिस्से को पूरी तरह तिरपाल से ढक दिया है ताकि बारिश का प्रभाव न पड़ सके। कश्यप ने कहा कि घटना स्थल पर एक बिजली का खंभा है जिस पर से एहतियात के तौर पर बिजली की आपूर्ति बंद कर दी गई है ताकि किसी भी प्रकार के नुकसान को रोका जा सके। उन्होंने बताया कि एसई लोक निर्माण विभाग को आदेश दिए गए है कि सुबह तड़के घटनास्थल पर राहत कार्य शुरू करें ताकि शहर की जनता को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था यहां पर सुचारू रहेगी। घटना स्थल पर पानी की आपूर्ति की पाइप भी है जिसकी सुरक्षा के लिए जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। जिलाधीश ने लोगों से अपील की है कि मानसून के समय लोग सजग रहें और हर घटना की सूचना तुरंत प्रशासन को मुहैया करवाए। इस दौरान अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) अजीत भारद्वाज, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा, उपमंडल दण्डाधिकारी शिमला शहरी भानु गुप्ता सहित अन्य अधिकारी, गुरुद्वारा से और स्थानीय लोग भी प्रशासन के साथ उपस्थित रहे।

About The Author

Related Posts