फ्लैट खरीदारों को बकाया ऋण दें बैंक : सुप्रीम कोर्ट

Published On

न्यायालय ने नोएडा प्राधिकरण को बिल्डरों द्वारा देर से ब्याज चुकाए जाने पर अत्यधिक ब्याज दर न लगाने का भी दिया निर्देश

नयी दिल्ली उच्चतम न्यायालय (Supreme Court) ने आम्रपाली मामले में फ्लैट खरीदारों को राहत प्रदान करते हुए बुधवार को बैंकों और वित्तीय संस्थानों से बकाये ऋण राशि का भुगतान करने को कहा। न्यायमूर्ति अरुण मिश्रा और न्यायमूर्ति उदय उमेश ललित की खंडपीठ ने यह आदेश मौजूदा स्थितियों को ध्यान में रखकर सुनाया क्योंकि फंड की कमी के कारण हाउसिंग परियोजनाएं बंद पड़ी हैं। न्यायालय ने नोएडा प्राधिकरण को यह भी निर्देश दिया कि बिल्डरों द्वारा देर से ब्याज चुकाए जाने पर वह अत्यधिक ब्याज दर न लगाएं। यह ब्याज दर आठ प्रतिशत से अधिक नहीं हो सकती है।

न्यायालय ने रिसीवर के माध्यम से शेष एफएआर की बिक्री की अनुमति दी

खंडपीठ ने फ्लोर एरिया रेशियो (एफएआर) को लेकर भी निर्देश जारी किये। न्यायालय ने रिसीवर के माध्यम से शेष एफएआर की बिक्री की अनुमति दी। न्यायालय ने कहा कि अभी तक इस्तेमाल नहीं हुआ एफएआर 2.75 पर होगा न कि 3.5 पर। यदि एफएआर में कोई वृद्धि होती है, तो यह नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरणों द्वारा तय किया जाएगा। खंडपीठ ने फैसले में यह भी कहा कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा के घर खरीदारों की स्थिति जस की तस है, क्योंकि परियोजना के अधूरे कामों में प्रगति नहीं हुई है।

न्यायालय ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से कहा कि वे बैंकों और वित्तीय सहायता देने को राजी अन्य संस्थानों को यह तो बता दे कि उन्हें काम पूरा करने के लिए एक बार में कितनी धनराशि की जरूरत होगी? खंडपीठ ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 17 जून की तारीख मुकर्रर की है। उस दिन रिसीवर की अतिरिक्त सलाह पर कुछ और दिशानिर्देश जारी किये जाएंगे।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts