Punjab
नकली सीमेंट बनाने वाली दो अवैध फैक्ट्रियों का भंडाफोड़, दिल्ली पुलिस ने एक को किया गिरफ्तार
पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में नकली सीमेंट कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने उत्तर-पूर्वी इलाके में संचालित दो अवैध फैक्ट्रियों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकली सीमेंट, फर्जी ब्रांडेड बैग और निर्माण सामग्री बरामद की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई एक प्रमुख सीमेंट कंपनी की शिकायत के आधार पर की गई। Delhi News
शिकायत में बताया गया था कि कुछ स्थानों पर खराब और निम्न गुणवत्ता वाले सीमेंट को दोबारा तैयार कर नामी कंपनी के पैकेट में भरकर बाजार में बेचा जा रहा है। सूचना के बाद क्राइम ब्रांच ने मंडोली और जवाहर नगर औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान पुलिस को फैक्ट्रियों में बड़ी मात्रा में खराब सीमेंट, क्लिंकर सामग्री और पैकेजिंग बैग मिले। जांच में सामने आया कि पुराने और खराब हो चुके सीमेंट को मशीनों के जरिए पीसकर उसमें अन्य सामग्री मिलाई जाती थी।
बाद में उसे प्रसिद्ध ब्रांड के नकली बैग में भरकर बाजार में सप्लाई किया जाता था। क्राइम ब्रांच ने मौके से हजारों खाली नकली सीमेंट बैग, सैकड़ों तैयार पैकेट और बड़ी मात्रा में मिलावटी सामग्री जब्त की है। पुलिस ने दोनों फैक्ट्रियों को सील कर वहां इस्तेमाल की जा रही मशीनरी भी कब्जे में ले ली है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के अमरोहा निवासी रिजवान के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर फैक्ट्री संचालन की निगरानी कर रहा था।
पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता और कॉपीराइट कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि नकली निर्माण सामग्री का कारोबार लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है, इसलिए पूरे गिरोह की गहन जांच की जा रही है। Delhi News