गर्मी में पानी बचाने की मुहिम, विभाग ने 22 अवैध कनेक्शन हटाए

पानी की बर्बादी पर सख्ती, गांव में अवैध कनेक्शन किए गए बंद

Published On

प्रताप नगर (सच कहूँ/राजेंद्र कुमार)। Pratap Nagar News: भीषण गर्मी के मौसम में पीने के पानी की किल्लत को देखते हुए, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने आज गाँव मलिकपुर खादर में जल संरक्षण के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए एक विशेष अभियान चलाया। विभाग के फील्ड स्टाफ ने गाँव में चल रहे अवैध और खुले पानी के कनेक्शनों को चिन्हित कर उन्हें काटा। विभाग द्वारा की गई इस कार्रवाई में कुल 22 अवैध कनेक्शनों को हटाया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पानी की बर्बादी रोकने के लिए विभाग का यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। आने वाले दिनों में गाँव के अन्य क्षेत्रों में भी सघन जांच की जाएगी ताकि पेयजल की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

अधिकारियों ने बताया कि गर्मी के कारण जलस्तर कम हो जाता है और पानी की मांग बढ़ जाती है। अवैध रूप से पानी की बर्बादी और अनधिकृत कनेक्शनों के कारण गाँव के कई हिस्सों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हो रही थी। विभाग को लंबे समय से पानी की बर्बादी की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह कठोर कदम उठाया गया है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे पानी की बर्बादी न करें और केवल वैध कनेक्शनों का ही उपयोग करें। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में कोई भी व्यक्ति अवैध रूप से पानी का उपयोग करते हुए या पानी की बर्बादी करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और कनेक्शन तुरंत काट दिया जाएगा।

 विभाग की इस कार्रवाई से उन क्षेत्रों के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है जहाँ पानी का दबाव कम रहता था।

Pratap-Nagar

About The Author

Related Posts