HBSE Board News: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं हुई समाप्त, अंकन कार्य कल से शुरू

Published On

इस बार परीक्षा में नकल मामलों में आई बड़ी कमी: बोर्ड अध्यक्ष

  • 15 मई तक घोषित होगा 12वीं का परिणाम

भिवानी (सच कहूँ/इंद्रवेश)। Haryana Board News: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं समाप्त हो गई हैं। इस बार परीक्षाओं में नकल के मामलों में बड़ी कमी दर्ज की गई है। बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि वर्ष 2026 की परीक्षाओं में कुल 387 नकल के मामले दर्ज हुए हैं, जबकि वर्ष 2023 में 2511, वर्ष 2024 में 1105 और वर्ष 2025 में 637 मामले दर्ज किए गए थे। बार कोड और अल्फा न्यूमैरिकल कोड जैसी तकनीकों के प्रयोग से यह कमी संभव हुई है। HBSE Board News

परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू होकर 1 अप्रैल तक चलीं। कुल 1433 परीक्षा केंद्रों पर 5 लाख 71 हजार 667 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। नकल रोकने के लिए 325 उड़नदस्ते गठित किए गए थे। इस बार 10वीं में 103 और 12वीं में 284 नकल के मामले दर्ज हुए। परीक्षा ड्यूटी में कोताही बरतने पर 7 केंद्र अधीक्षक, 2 उप केंद्र अधीक्षक और 61 पर्यवेक्षकों को रिलीव किया गया।

बोर्ड चेयरमैन ने बताया कि 2 अप्रैल से 10वीं के प्रश्न पत्रों की जांच शुरू हो जाएगी। इसके लिए 25 अंकन केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 6969 परीक्षक उत्तरपुस्तिकाओं की जांच करेंगे। वहीं 12वीं का अंकन कार्य 3 अप्रैल से शुरू होगा। इसके लिए 52 अंकन केंद्र बनाए गए हैं और 5009 परीक्षक उत्तरपुस्तिकाओं की जांच करेंगे। 24 अप्रैल तक जांच पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद 15 मई तक 12वीं का परिणाम घोषित किया जाएगा और लगभग एक सप्ताह बाद 10वीं का परिणाम भी जारी होगा।

नई शिक्षा नीति के तहत जिन परीक्षार्थियों को तीन विषयों में अंक कम आने की आशंका है, वे 4 अप्रैल से पुनर्परीक्षा के लिए फॉर्म भर सकते हैं। यह परीक्षा 20 अप्रैल को होगी। परिणामों में जिस परीक्षा के अंक अधिक होंगे, वही जोड़े जाएंगे। इसका उद्देश्य छात्रों के तनाव को कम करना और उन्हें बेहतर अवसर देना है।
भिवानी:

यह भी पढ़ें:– बुजुर्गों को लॉटरी का झांसा देकर ठगी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा, दो शातिर दबोचे

About The Author

Related Posts