Heavy Rain: कैथल में झमाझम बरसे मेघा, शहर में हुआ जलभराव

Published On

कैथल (सच कहूँ/कुलदीप नैन)। Kaithal Heavy Rain: बुधवार दोपहर बाद बदले मौसम के मिजाज ने उमस भरी गर्मी की मार झेल रहे लोगों को राहत प्रदान की। शाम 4 बजे शुरू हुई वर्षा करीब 40 मिनट तक चलते रही। इस वर्षा से शहर में अनेक स्थानों पर जलभराव हो गया। पानी निकासी के दावे एक बार फिर फेल नजर आए। वर्षा होने के बाद करनाल रोड से ढांड रोड़ की तरफ जाने वाली सड़क पर, लघु सचिवालय से पदमा सिटी मॉल तक, करनाल चौंक पर, बस स्टैंड में मुख्य गेट पर भी वर्षा का पानी जमा हो गया, जिसकी निकासी का कोई प्रबंध नहीं है। Kaithal

वहीं बस स्टैंड के नजदीक फलों की रेहड़ी लगाने वालों की रेहड़ी के पास पानी भर गया जिससे रेहड़ी वालों को फुटपाथ पर रेहड़ियों को चढ़ाना पड़ा। भगत सिंह चौक पर पानी की लहरें ऐसे उठ रही थी मानो किसी समुद्र की लहरें हो, अनाज मंडी, माता गेट, सदर बाजार, माडल टाउन जींद रोड सहित अन्य जगहों पर जलभराव की समस्या रही। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि समय पर नालों की सफाई न होने के कारण जलजमाव की समस्या पैदा हो रही है। मानसून के सीजन से पहले नालों की सफाई की जानी चाहिए, ताकि लोगों को कोई परेशानी न हो।

धान रोपाई में होगा फायदा | Kaithal

बुधवार दोपहर बाद हुई वर्षा से किसानों के चेहरे खिल उठे। किसानों ने बताया कि इन दिनों खेतों में धान रोपाई का कार्य तेजी से चल रहा है। सवा चार लाख एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में धान की रोपाई होनी है। किसान नरेंद्र , रोशन और मेवा ने बताया कि इस बार सही समय पर वर्षा हो रही है, इससे किसानों को फायदा हो रहा है। वर्षा ने लोगों को गर्मी व उमस से राहत दिलाई। बुधवार को अधिकतम तापमान फिर से 35 डिग्री के करीब पहुंचा तो वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के पास दर्ज किया गया। बारिश होने के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली।

कैथल कृषि विज्ञान केंद्र के समन्वयक डा. रमेश वर्मा ने बताया कि वर्षा से धान रोपाई के कार्य में फायदा होगा। इन दिनों में हल्की वर्षा भी धान के लिए फायदेमंद साबित होती है। आगामी दिनों में भी वर्षा की संभावना बनी रहेगी। इस सप्ताह तापमान 32 से 35 डिग्री के बीच बना रहेगा। Kaithal

यह भी पढ़ें:– Ghevar News: घेवर में शिकायत मिलने पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने दुकान पर की छापेमारी

About The Author

Related Posts