मनोहर लाल खट्टर ने छात्राओं को वितरित की साइकिलें, ''बेटियों की शिक्षा राष्ट्र निर्माण का आधार''
समाज हित में किया गया प्रत्येक कार्य होता पुण्य का कार्य : 'खट्टर'
Bicycle Distribution: पानीपत (सच कहूँ/सन्नी कथूरिया)। पानीपत। केंद्रीय ऊर्जा, शहरी एवं आवास मंत्री मनोहर लाल ने रविवार को आर्य पीजी कॉलेज सभागार में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में भाग लेते हुए छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। यह आयोजन क्षेत्र की बेटियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से किया गया था। Panipat News
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने पानीपत क्षेत्र की 104 तथा समालखा क्षेत्र की 143 छात्राओं को साइकिलें प्रदान कीं। उन्होंने बताया कि विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से कुल 1000 साइकिलें वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद छात्राओं को लाभ मिल सके। मनोहर लाल ने अपने संबोधन में कहा कि यह पहल केवल साइकिल वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि बेटियों को शिक्षा और आत्मविश्वास से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने कहा कि जब समाज की संस्थाएं आगे बढ़कर बच्चों और छात्राओं के लिए कार्य करती हैं, तो सामाजिक मूल्यों और संवेदनाओं को मजबूती मिलती है। उन्होंने छात्राओं और अभिभावकों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षित बेटियां ही सशक्त समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव रखती हैं। उनके अनुसार बेटियों की शिक्षा परिवार, समाज और देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। Panipat News
राज्यसभा सांसद संजय भाटिया ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सामाजिक संगठनों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज और संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों से विकास के नए आयाम स्थापित होते हैं। बेटियों को शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराना सबसे बड़ा सामाजिक निवेश है।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, अनुरुद्ध, अंत्योदय फाउंडेशन की ट्रस्टी एषणा कल्याण, फैला उजाला फाउंडेशन की अध्यक्ष कुमारी रंजीता कौशिक सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद् और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। Panipat News