नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता पर रखें विशेष ध्यान: राजीव जैन
विकास कार्यों में लापरवाही पर सख्त हुए मेयर
खरखौदा (सच कहूँ न्यूज़)। Kharkhoda News: नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर राजीव जैन ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए हैं कि सोनीपत नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने सोमवार शाम स्थानीय पार्षद संजीव वलेचा के साथ शहर के बत्रा कॉलोनी में चल रहे गली निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गली का लेवल ठीक नहीं पाया। गली निर्माण में बरती गई लापरवाही पर उन्होंने सख्ती दिखाते हुए ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने मौके पर ही गली को उखड़वाकर दोबारा फिर से बनाने के लिए कहा। जिसके बाद कार्रवाई से घबड़ाए ठेकेदार ने फौरन जेसीबी मशीन लगाकर गली उखड़वाया और साथ ही गली का फिर से निर्माण शुरू कर दिया।
बत्रा कॉलोनी के लोगों ने नवनिर्वाचित मेयर से गली निर्माण में बरती जा रही लापरवाही को लेकर शिकायत की। जिसके बाद जैन ,पार्षद संजीव वलेचा के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी कार्रवाई की। मंगलवार को गली सही तरीके से बनने पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और उन्होंने नवनिर्वाचित मेयर राजीव जैन के प्रति आभार प्रकट किया। वहीं राजीव जैन ने निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के प्रति अधिकारियों व ठेकेदारों को आगाह किया कि निर्माण कार्य हर हाल में समय अवधि में पूरे किए जाएं तथा गुणवत्ता में किसी प्रकार की कोई कमी न हो।
उन्होंने कहा कि आम जनता की सुविधा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं है, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर जनता को उनका वास्तविक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड विजिट कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने और समस्याओं के त्वरित समाधान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने निगम पार्षदों से भी कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों पर कड़ी निगाह रखें । साथ ही स्थानीय जनता की तरफ से मिलने वाली शिकायतों को दूर करने के लिए तत्काल प्रभाव से कदम उठाएं।
सारंग रोड अंडर ब्रिज का भी किया दौरा
राजीव जैन ने डिस्पोजल की लाइन फटने के कारण सारंग रोड अंडर ब्रिज के नीचे पानी भरने की समस्या के समाधान के लिए भी पार्षद संजीव वलेचा के साथ मौका देखा। उन्होंने सफाई कर्मचारी बुलाकर सीवेरज के ढक्कन हटवाए जिससे सड़क पर खड़ा गंदा पानी तेजी से निकलना शुरू हो गया।
3.jpg)