यमुना नदी किनारे टूटी पटड़ी पर लोगों का फूटा गुस्सा, सीएम से लगाई गुहार

यमुना नदी किनारे टूटी पटड़ी पर लोगों का फूटा गुस्सा, सीएम से लगाई गुहार

Sach Kahoon Picture
Published On

प्रताप नगर (सच कहूं /राजेंद्र कुमार)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी से लक्कड़ भीलपुरा गांव के ग्रामीणों ने चंडीगढ़ स्थित उनके आवास पर मुलाकात कर यमुना नदी पर बेलगढ़ कन्यावाला और नवाजपुर क्षेत्र में पटड़ी निर्माण एवं मरम्मत कार्य के लिए बजट जारी करने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि क्षेत्र की पटड़ियां लंबे समय से जर्जर अवस्था में हैं, जिससे यमुना किनारे भूमि कटाव हो रहा है । जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा खेतों, रास्तों और आसपास की जमीनों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहता है।

ग्रामीण प्रतिनिधिमंडल में पूर्व सरपंच बीरम, जय सिंह सैनी, यतींद्र अरविन्द कुमार सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि बेलगढ़ क्षेत्र की पटड़ी काफी समय से टूटी हुई है और मानसून आने से पहले यदि इसकी मरम्मत नहीं करवाई गई तो बरसात के दौरान पानी का बहाव तेज होने से आसपास के किसानों की फसलों और भूमि को नुकसान हो सकता है। ग्रामीणों ने कहा कि यह मार्ग और पटड़ी गांव के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है तथा प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण इसका उपयोग करते हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि बेलगढ़ ,कन्यावाला और नवाजपुर में पटड़ी निर्माण एवं मरम्मत कार्य के लिए जल्द से जल्द बजट जारी किया जाए ताकि समय रहते कार्य शुरू हो सके। 

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनता की सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा और विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा गांवों के विकास के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी मांग रखने के बाद उम्मीद जताई कि जल्द ही क्षेत्र में पटड़ी निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू होगा। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्य पूरा हो जाता है तो बरसात के दौरान होने वाले नुकसान से काफी हद तक बचाव हो सकेगा। मुख्यमंत्री से सकारात्मक आश्वासन मिलने पर ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त किया और सरकार का आभार जताया।

About The Author

Ad Ad

Related Posts