ईरान से एलपीजी लाने में फतेहाबाद के इन दो युवकों का अहम योगदान

Published On

भारत आ रहे जहाजों में तैनात हैं दोनों युवक

LPG Supply Issue: फतेहाबाद (सच कहूँ/विनोद शर्मा)। देश में एलपीजी आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के प्रयासों के बीच हरियाणा के फतेहाबाद जिले के दो युवकों का भी महत्वपूर्ण योगदान सामने आया है। जिले के गांव कुम्हारिया और सरवरपुर के दो युवक मर्चेंट नेवी में अधिकारी के रूप में तैनात हैं और वे उन भारतीय जहाजों का हिस्सा हैं जो खाड़ी देशों से एलपीजी लेकर भारत की ओर बढ़ रहे हैं। Fatehabad News

जानकारी के अनुसार, युद्ध प्रभावित होर्मुज जलडमरूमध्य से भारतीय ध्वज वाले दो जहाज शिवालिक और नंदा देवी शनिवार सुबह सुरक्षित गुजर गए। इन जहाजों में कुल 92,700 टन एलपीजी लदी हुई है। जहाजरानी मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा के अनुसार ये दोनों जहाज अब गुजरात के मुंद्रा और कांडला बंदरगाहों की ओर बढ़ रहे हैं और इनके 16–17 मार्च तक भारत पहुंचने की संभावना है। इन जहाजों में फतेहाबाद जिले के दो युवक भी अधिकारी के रूप में तैनात हैं।

गांव कुम्हारिया के युवक कृष्ण गोदारा मर्चेंट नेवी में अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं

गांव कुम्हारिया के युवक कृष्ण गोदारा मर्चेंट नेवी में अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं और वे गैस लेकर भारत आ रहे जहाज पर तैनात हैं। वहीं गांव सरवरपुर निवासी अनिल भांबू भी मर्चेंट नेवी में अधिकारी हैं और शिवालिक में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि युद्ध शुरू होने के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य के पश्चिमी किनारे पर 24 भारतीय जहाज फंस गए थे। इनमें से दो जहाज अब सुरक्षित निकलकर भारत की ओर रवाना हो चुके हैं, जबकि फारस की खाड़ी में अभी भी 22 भारतीय ध्वज वाले जहाज कतार में हैं, जिन पर 611 नाविक सवार हैं।

इसके अलावा भारतीय ध्वज वाले चार अन्य जहाज होर्मुज के पूर्वी हिस्से में भी फंसे हुए बताए गए हैं। फतेहाबाद जिले के इन दोनों युवकों की इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से क्षेत्र में गर्व का माहौल है। समुद्री मार्ग से एलपीजी आपूर्ति सुनिश्चित करने में उनकी भूमिका देश की ऊर्जा आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने में सहायक साबित हो रही है। Fatehabad News

About The Author

Related Posts