Sirsa News: डबवाली में निर्माणाधीन टाइल गोदाम की दीवार गिरने से दर्दनाक हादसा

महिला मजदूर की मौत, चार महिलाएं घायल, दो गंभीर, सरसा रेफर

Published On

गोरीवाला/डबवाली (सच कहूँ/अनिल)। डबवाली खंड में एक निर्माणाधीन टाइल गोदाम में दीवार गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि चार अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार मालवा बाईपास स्थित टाइलों के गोदाम में महिलाएं मजदूरी का कार्य कर रही थीं। Sirsa News

बताया जा रहा है कि साथ लगते प्लांट की एक दीवार हटाने के बाद दूसरी पुरानी दीवार पर कार्य चल रहा था। इसी दौरान पुरानी दीवार के लेंटर को तोड़ने का काम किया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक लेंटर का मलबा दीवार पर गिर गया, जिससे दीवार भरभराकर ढह गई। दीवार गिरने से वहां काम कर रही महिलाएं मलबे के नीचे दब गईं। हादसे में नर सिंह कॉलोनी निवासी 33 वर्षीय सुनीता पत्नी राजिंदर की उपचार के दौरान मौत हो गई।

वहीं घायल महिलाओं की पहचान महकप्रीत, उसकी बेटी अमृत, वीरपाल और सुखदीप के रूप में हुई है। घटना के बाद सभी घायलों को तुरंत सामान्य अस्पताल डबवाली पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद महकप्रीत और उसकी बेटी अमृत की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सरसा रेफर कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण पुरानी दीवार के लेंटर को तोड़ते समय मलबे का दीवार पर गिरना बताया जा रहा है, जिससे दीवार कमजोर होकर अचानक ढह गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। Sirsa News

About The Author

Related Posts