Snake News: स्कूल में निकला सांप, छात्रों और स्टाफ में मचा हड़कंप

Published On

स्कूल में निकला सांप, स्नेक मैन नवजोत ढिल्लों ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

  • बच्चों में मची अफरा-तफरी, इंडियन रैट स्नेक को बताया गैर-जहरीला, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

भूना (सच कहूँ/संगीता रानी)। Snake News: गांव डूल्ट स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल परिसर में अचानक सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही विद्यार्थी और स्टाफ में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को संभालते हुए स्कूल के मुख्याध्यापक अजय नागपाल ने तुरंत एसपीसीए सदस्य एवं स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट नवजोत सिंह ढिल्लों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही नवजोत सिंह ढिल्लों अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू आॅपरेशन शुरू किया। जांच के दौरान पता चला कि सांप स्कूल परिसर में बने रिचार्ज बोर के अंदर छिपा हुआ है। टीम ने सावधानीपूर्वक रिचार्ज बोर में पड़े ईंट-पत्थरों को हटाया। काफी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे स्कूल प्रशासन और बच्चों ने राहत की सांस ली।

रेस्क्यू के बाद नवजोत सिंह ढिल्लों ने बच्चों और स्टाफ को जागरूक करते हुए बताया कि यह इंडियन रैट स्नेक है, जो पूरी तरह गैर-जहरीला होता है और किसानों के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। उन्होंने कहा कि यह सांप खेतों में चूहों की संख्या नियंत्रित करता है, जिससे फसलों को नुकसान कम होता है।

उन्होंने बच्चों को समझाया कि सांप दिखने पर घबराने या उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय तुरंत किसी प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट को बुलाना चाहिए। इससे न केवल मानव जीवन सुरक्षित रहता है, बल्कि वन्य जीवों का संरक्षण भी होता है। स्कूल स्टाफ और विद्यार्थियों ने इस सराहनीय कार्य के लिए नवजोत सिंह ढिल्लों और उनकी टीम का आभार जताया। ढिल्लों ने बताया कि उनकी टीम स्नेक रेस्क्यू के अलावा नहरों से शव निकालने, रक्तदान शिविर आयोजित करने और घायल पशु-पक्षियों के उपचार जैसे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। Snake News

यह भी पढ़ें:– नर्सिंग ऑफिसर पत्नी को जहर का टीका देकर मारने का आरोपी पति गिरफ्तार

About The Author

Related Posts