स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर ईंट के ढेर से टकराई
Published On
सड़क हादसे में 2 दोस्तों की मौत, एक गंभीर
सच कहूँ/बिन्टू श्योराण नरवाना। गुरथली रोड पर शनिवार देर रात एक स्विफ्ट कार सड़क किनारें ईंट के चट्ठे से टकरा गई। हादसे में दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई और एक गंभीर रुप से घायल हो गया। तीसरे दोस्त की गंभीर हालत के कारण पीजीआई रैफर कर दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही शहर पुलिस मौके पर पहुची और दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिए। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मोहलखेड़ा गांव निवासी परमजीत रात को अपने खेतों में गया हुआ था। वहां पर खेत का पड़ोसी कुुलदीप भी उसके साथ मौजूद था। तीसरा दोस्त प्रेमनगर निवासी संदीप अपनी गाड़ी लेकर खेत में पहुंच गया। संदीप व कुलदीप अपने दोस्त परमजीत को कार से गांव छोड़ने के लिए गांव मोहलखेड़ा जा रहे थे।
बीच रास्ते गुरथली रोड़ पर उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे ईटों के चट्ठे से जा टकराई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। आधी रात को राहगीरों की सहायता से तीनों को नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टरों ने दो दोस्त परमजीत (25) व कुलदीप (21) को मृत घोषित कर दिया और चालक संदीप की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रैफर कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे। रविवार को शहर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौप दिया। युवकों की मौत के बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया है। जांच अधिकारी राजाराम ने बताया कि पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।