Bhiwani: गंदगी फैलाने वालों की अब खैर नहीं, DC की अधिकारियों को सख्त चेतावनी

Published On

लापरवाह लोगों के कटेंगे चालान

DC Warning: भिवानी, (सच कहूँ /रविंद्र सिंह) : भिवानी शहर को कचरा मुक्त बनाने और सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। उपायुक्त (DC) साहिल गुप्ता ने लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में नगर परिषद और सभी 31 वार्डों के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों के साथ एक अहम समीक्षा बैठक की। Bhiwani News

इस बैठक के दौरान डीसी ने शहर की वर्तमान स्थिति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को फील्ड में उतरकर काम करने के सख्त निर्देश दिए। बैठक की खास बात यह रही कि डीसी साहिल गुप्ता ने केवल कागजी रिपोर्ट पर भरोसा नहीं किया, बल्कि अधिकारियों द्वारा पिछले एक सप्ताह में किए गए वार्ड दौरों की फोटो प्रोजेक्टर पर चलवाई। मौके की तस्वीरों को देखकर डीसी ने अधिकारियों से पूछा कि इन समस्याओं का समाधान अब तक क्यों नहीं हुआ? उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों के किनारे कूड़े के ढेर नजर नहीं आने चाहिए।

खाली प्लॉटों में कूड़ा फेंका तो कटेगा चालान | Bhiwani News

शहर में सबसे बड़ी समस्या खाली प्लॉटों में फेंके जा रहे कचरे की है। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए डीसी ने निर्देश दिए कि अब केवल समझाने से काम नहीं चलेगा। जो लोग कचरा गाड़ी (ऑटो टिप्पर) में डालने के बजाय खाली प्लॉटों में गंदगी फेंकते हैं, उनके खिलाफ सीधे चालान काटने की कार्रवाई शुरू की जाए। इसके साथ ही सफाई एजेंसियों को हिदायत दी गई है कि ऑटो टिप्पर हर गली और हर घर तक नियमित रूप से पहुंचने चाहिए।

सीवरेज और जर्जर मैनहोल पर एक्शन

सफाई के साथ-साथ डीसी ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (Public Health) के अधिकारियों को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने आदेश दिए कि शहर में जहां भी सीवरेज के ढक्कन टूटे हुए या जर्जर हालत में हैं, उन्हें तुरंत बदला जाए ताकि कोई हादसा न हो। बिजली निगम और ट्रैफिक पुलिस को भी सफाई व्यवस्था में सहयोग करने और सड़कों पर बाधा बनने वाली चीजों को हटाने को कहा गया है।

ये अधिकारी रहे मौजूद | Bhiwani News

समीक्षा बैठक में सीएमजीजीए ऋषव रंजन ने विस्तार से रिपोर्ट पेश की। इस मौके पर जिला परिषद के सीईओ अजय चोपड़ा, डीएमसी गुलजार मलिक, एसडीएम महेश कुमार, बिजली निगम के एसई विनोद पुनिया, जनस्वास्थ्य विभाग के एसई सुनील रंगा और ट्रैफिक एसएचओ संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Related Posts