ढाई किलो हेरोइन सहित एक नशा तस्कर गिरफ्तार, पाक कनेक्शन के मिले सुराग

Published On

नाकाबंदी कर सीआईए स्टाफ ने दबोचा, इलेक्ट्रॉनिक कांटा व लिफाफे बरामद

  • अमृतसर में असला एक्ट का केस, बड़े तस्करों से संबंध | Ludhiana News

लुधियाना (सच कहूँ/जसवीर गहल)। Ludhiana News: लुधियाना जिले में सीआईए स्टाफ की पुलिस ने एक नशा तस्कर को बाइक सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ साजन, जो गुरदासपुर जिले के गांव बढ़ाला ग्रथिया सेखवा, बटाला का निवासी है, के पास से 2 किलो 503 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जिसमें पाकिस्तान से ड्रग तस्करी के कनेक्शन सामने आए हैं।

नाकाबंदी के दौरान पकड़ा | Ludhiana News

पुलिस को किशनपुरा चौक पर गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि आरोपी जगराओं की ओर से हेरोइन लेकर आ रहा है। इसके बाद नाकाबंदी कर उसे धर दबोचा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से न केवल 2.503 किलो हेरोइन बरामद हुई, बल्कि एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और छोटे लिफाफे भी मिले, जो नशे की तस्करी में इस्तेमाल किए जाते हैं। जांच अधिकारी एसआई गुरसेवक सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई, जिसके बाद आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास

जांच में पता चला है कि गुरप्रीत सिंह पर 2020 में अमृतसर में असला एक्ट के तहत मामला दर्ज है। इसके अलावा, उसके कई बड़े नशा तस्करों से संबंध होने की बात सामने आई है। पुलिस को यह भी संदेह है कि आरोपी पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारी मात्रा में हेरोइन मंगवाने में शामिल था। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी के मोबाइल की फॉरेंसिक जांच की जा रही है ताकि उसके नेटवर्क और पाकिस्तान कनेक्शन की पूरी जानकारी हासिल की जा सके।

नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। गुरप्रीत सिंह को कोर्ट में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है, ताकि गहन पूछताछ के जरिए नशा तस्करी के इस पूरे रैकेट का पर्दाफाश किया जा सके। पुलिस आयुक्त स्वपन शर्मा ने बताया कि लुधियाना पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई कर रही है और इस तरह के अभियानों को और तेज किया जाएगा। Ludhiana News

यह भी पढ़ें:– 4वीं पुण्यतिथि पर स्मरण किये गए वरिष्ठ पत्रकार शरीफ अहमद मंसूरी

About The Author

Related Posts