Punjab Police: पंजाब पुलिस ने छेड़ा नशे के खिलाफ अभियान, तस्करों के ठिकानों पर छापेमारी, कई गिरफ्तार

Published On

बरनाला में कैशो ऑपरेशन, कई संदिग्ध हिरासत में

  • मानसा में तलाशी अभियान, तस्करों को दी कड़ी चेतावनी
  • लुधियाना में गांव को सील कर तस्करों के ठिकानों की तलाशी ली

बरनाला/लुधियाना (सच कहूँ न्यूज)। Ludhiana News: पंजाब पुलिस ने राज्य में नशा तस्करी पर नकेल कसने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया है। पुलिस द्वारा कई जिलों में विशेष ऑपरेशन चलाए गए, जिनमें भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारी खुद इन अभियानों की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासव में कुछ को गिरफ्तार किया और नशीले पदार्थ भी बरामद किए। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान पंजाब सरकार की नशा विरोधी मुहिम का हिस्सा है और किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस नशे के आदी लोगों को नशा मुक्ति केंद्रों में मुफ्त इलाज की सुविधा भी दे रही है। Barnala News

बरनाला में कैशो ऑपरेशन चलाया: पंजाब पुलिस का नशा विरोधी अभियान तेज हो गया है। बरनाला में नगर कौंसिल के पीछे बस्ती में पुलिस ने ‘कैशो’ ऑपरेशन चलाया। इस दौरान डीआईजी सुखवंत सिंह गिल ने खुद मोर्चा संभाला। इस बड़े अभियान में 9 गेजेटेड अधिकारियों के नेतृत्व में 250 पुलिसकर्मी शामिल थे, जिनमें 65 महिला कॉन्स्टेबल भी थीं। पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया। साथ ही 55 ग्राम हेरोइन, 1300 से अधिक नशीले कैप्सूल व 1 लाख 30 हजार की ड्रग मनी भी बरामद की।

भदौड़ में छापेमारी | Barnala News

डीआईजी गिल ने बताया कि भदौड़ में भी तलाशी अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की नशा विरोधी मुहिम के तहत यह कार्रवाई की गई है। पुलिस को जहां भी नशा तस्करी की सूचना मिलती है, वहां सख्ती से जांच की जाती है। डीआईजी ने चेतावनी दी कि किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।

अब तक 110 एनडीपीएस केस दर्ज: मानसा में एसएसपी भागीरथ सिंह मीणा के नेतृत्व में 350 पुलिसकर्मियों ने विशेष तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान चार संदिग्ध हिरासत में लिए गए। एसएसपी मीणा ने बताया कि एक मार्च से शुरू किए गए अभियान में अब तक 110 एनडीपीएस केस दर्ज हुए हैं और 126 आरोपियों को जेल भेजा गया है। पुलिस ने नशा तस्करों की संपत्ति फ्रीज कर दी है। एसएसपी ने तस्करों को चेतावनी दी कि या तो वे धंधा बंद करें या फिर मानसा छोड़ दें।

7 स्थानों पर छापेमारी, 18 आरोपी गिरफ्तार: खन्ना जिला पुलिस ने कैशो अभियान के तहत शनिवार सुबह तीन सब-डिवीजनों में सात स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान बस स्टैंड, बसों और संदिग्ध व्यक्तियों के घरों पर छापेमारी करते हुए पुलिस ने 7 मामलों में 18 लोगों को गिरफ्तार किया। जिला पुलिस प्रमुख डॉ. ज्योति यादव बैस के नेतृत्व में हुई इस छापेमारी में 5 डीएसपी की निगरानी में एसएचओ समेत कुल 144 पुलिसकर्मी शामिल थे। यह अभियान खन्ना जिले के समराला, पायल और खन्ना सब-डिवीजनों में चलाया गया।

डॉ. यादव ने बताया कि इस कार्रवाई के तहत कुल 7 एफआईआर दर्ज की गई हैं, जिनमें 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। डॉ. यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से 10 पर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा, पहले से दर्ज हत्या के प्रयास के एक मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि चोरी, लूट और जुए से जुड़े मामलों में 3 लोगों को हिरासत में लिया गया। वहीं, सिविल अस्पताल के बाहर अवैध रूप से नशीली गोलियां बेचने के आरोप में भी एक व्यक्ति को पकड़ा गया। पुलिस ने आगे की जांच के लिए 20 संदिग्ध व्यक्तियों को भी हिरासत में लिया है। Barnala News

यह भी पढ़ें:– Fire Department: दमकल विभाग के पास 50 प्रतिशत स्टाफ की कमी, कैसे लगेगी आगजनी की घटनाओ पर रोक

About The Author

Related Posts