जरूरतमंद वाहन चालकों को वितरित किए हेलमेट
एसपी नरेन्द्र सिंह मीना बोले-'हेलमेट है सुरक्षा कवच, नियमों की पालना से ही सुरक्षित रहेगा जीवन'
Traffic Rules: हनुमानगढ़। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना के निर्देशन में यातायात पुलिस की ओर से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जहां यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, वहीं आमजन को नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को टाउन स्थित यातायात शाखा परिसर में जरूरतमंद दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए। Hanumangarh News
आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई, पुलिस उप अधीक्षक मीनाक्षी लेघा, करण सिंह एवं यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनाकर सुरक्षित यात्रा का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने दुपहिया वाहन चालकों से हमेशा हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की अपील करते हुए कहा कि हेलमेट केवल नियम पालन का साधन नहीं, बल्कि जीवन सुरक्षा का महत्वपूर्ण कवच है। सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने से होने वाली मौतों को हेलमेट काफी हद तक रोक सकता है।
पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने कहा कि सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे में प्रत्येक वाहन चालक को यातायात नियमों की गंभीरता समझनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हेलमेट पहनने से न केवल चालक की जान सुरक्षित रहती है, बल्कि उसके परिवार की खुशियां भी सुरक्षित रहती हैं। उन्होंने चौपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना, तेज गति से वाहन दौड़ाना, ओवरटेक करना तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करना दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। इनसे बचकर ही सड़क हादसों में कमी लाई जा सकती है।
इस दौरान यातायात पुलिस को हेलमेट उपलब्ध करवाने में समाजसेवी अशोक नारंग, सुरेन्द्र गाडी, रामचन्द्र महाजनी, पारीक स्वीट हाउस एवं अमन सिंह का विशेष सहयोग रहा। पुलिस अधिकारियों ने उनके सामाजिक सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा अभियान में समाज की भागीदारी बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में वाहन चालकों को यातायात नियमों की पालना करने एवं दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया। Hanumangarh News