तेज रफ्तार बाइक ने टैम्पो को मारी टक्कर, युवक के दोनों पैर फ्रैक्चर

Published On

हनुमानगढ़। गांव जण्डावाली क्षेत्र में पेट्रोल पम्प के पास सड़क दुर्घटना में टैम्पो में सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उसे जयपुर के उच्च स्तरीय अस्पताल रेफर किया गया है। इस संबंध में सदर थाना पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार जण्डावाली निवासी लियाकत अली (53) पुत्र इमामदीन ने सदर पुलिस थाना में रिपोर्ट दी कि 4 मार्च की शाम करीब 7.15 बजे वह जण्डावाली के पास स्थित पेट्रोल पम्प पर अपनी मोटर साइकिल में पेट्रोल डलवा रहा था। Hanumangarh News

जण्डावाली के पास हादसा, गंभीर घायल जयपुर रेफर

इसी दौरान सड़क पर अचानक दुर्घटना हो गई। शोर सुनकर वह तुरंत मौके पर पहुंचा तो देखा कि उसकी भुआ का पोता वारिस अली पुत्र नजीर खान, जो हनुमानगढ़ जंक्शन से जण्डावाली जाने के लिए टैम्पो नम्बर आरजे 29 पीए 2720 में सवार था, हादसे का शिकार हो गया। रिपोर्ट में बताया गया कि नई खुन्जा निवासी गुरदीप सिंह पुत्र बिल्लू सिंह अपनी मोटर साइकिल नम्बर आरजे 31 एसके 2882 को तेज गति व लापरवाही से चलाते हुए आया और टैम्पो के दाहिने हिस्से में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टैम्पो में बैठे वारिस अली को गंभीर चोटें लगीं और उसके दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए।

दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायल को तुरंत हनुमानगढ़ टाउन के राजकीय जिला चिकित्सालय ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे जयपुर के उच्च स्तरीय अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वर्तमान में वारिस अली जयपुर स्थित नीम्स अस्पताल में उपचाराधीन है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल विष्णु कुमार को सौंपी गई है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts