झोंपड़े में आग लगने से जिंदा जले बाप और बेटा

Published On

बकरियों को निकालने के लिए घुसे थे, झोंपड़ा गिरने से नीचे दबे

  • 15 बकरियां भी जली

नोहर (सच कहूँ न्यूज)। जिले के नोहर थाना क्षेत्र के गांव खोपड़ा की रोही में झोंपड़े में आग लगने से बाप-बेटा जिंदा जल गए। बाप-बेटा झोंपड़े में बंधी हुई बकरियों को निकालने के लिए घुसे थे। झोंपड़े में बंधी बकरियों को खोल ही रहे थे कि जलता हुआ झोंपड़ा अचानक भरभराकर उन पर गिर गया। झोंपड़े के नीचे दबने से बाप-बेटा और 15 बकरियां जिंदा जल गई। हादसा जिले के नोहर थाना क्षेत्र के गांव खोपड़ा की रोही में हुआ। नोहर थाना प्रभारी रविन्द्रसिंह नरुका ने बताया कि खोपड़ा गांव की रोही में बनी ढाणी के झोंपड़े में मंगलवार शाम करीब 4 बजे अचानक आग लग गई। आग लगने का पता लगने पर सरजीत सिंह (45) झोपड़े में बंधी 15 बकरियों को बाहर निकालने के चक्कर मे झोंपड़े में घुस गया। उसके पीछे-पीछे उसका पुत्र कालूराम (15) भी बकरियां निकालने के लिए झोंपड़े में घुस गया।

पिता-पुत्र बकरियां खोल ही रहे थे कि अचानक आग ने भंयकर रूप ले लिया, जिसके चलते झोंपड़ा भरभराकर गिर गया। बाप-बेटा झोंपड़े के नीचे दब गए और 15 बकरियों समेत जिंदा जल गए। आसपास के लोगों को आग लगने की जानकारी मिलने पर वे घटना स्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक पिता-पुत्र और बकरियां पूरी तरह से जल चुके थे। आग लगने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। नोहर विधायक अमित चाचाण, पंचायत समिति प्रधान सोहन ढ़िल, पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि भी घटना की जानकारी मिलने पर घटना स्थल पर पहुंचे और जानकारी ली। पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाया।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts