Rajasthan Roadways: ग्रामीण इलाकों में रोडवेज बस संचालन को मिलेगी रफ्तार
निगम ने सात मार्गों के लिए जारी की निविदा
हनुमानगढ़। राज्य सरकार के निर्देशानुसार राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्रामीण परिवहन सेवा की निविदा जारी की गई है। हनुमानगढ़ जिले की सातों तहसीलों के लिए कुल सात मार्गों पर बस संचालन के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। निविदा सबमिशन की अंतिम तिथि 9 फरवरी निर्धारित की गई है, जबकि 11 फरवरी को निविदा की टेक्नीकल बिड डिपो स्तर पर खोली जाएगी। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सफल निविदादाताओं को एलओआई (लेटर ऑफ इंटेंट) जारी किया जाएगा। Rajasthan Roadways
एलओआई जारी होने के 120 दिनों के भीतर वाहन स्वामी को बस उपलब्ध करानी होगी। वाहन उपलब्ध होते ही निगम की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में रोडवेज बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में रोडवेज बसों की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इन बसों में यात्रियों को राज्य सरकार की ओर से देय सभी प्रकार की रियायतें उपलब्ध कराई जाएंगी। रियायती राशि का पुनर्भरण निगम की ओर से संबंधित वाहन स्वामी को किया जाएगा। प्रत्येक बस के लिए 55 हजार रुपए की सुरक्षा राशि जमा करानी होगी।
बस डिलक्स श्रेणी (पुशबैक सीटों वाली) की होनी आवश्यक है तथा वाहन का मॉडल 1 अक्टूबर 2021 के बाद का होना अनिवार्य है। बसों से प्राप्त राजस्व पर निगम का नियंत्रण रहेगा, हालांकि राजस्व वाहन स्वामी का ही होगा। वाहनों में वीटीएस, पैनिक बटन, इमरजेंसी डोर सहित सभी सुरक्षा मानकों की पूर्ति अनिवार्य होगी। वीटीएस सहित सुरक्षा उपकरणों पर निगम का नियंत्रण रहेगा। टिकट एटीएम मशीन के माध्यम से जारी होंगे, जो डिपो की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी।
इन मार्गों पर होगा संचालन | Rajasthan Roadways
जारी निविदा के तहत प्रस्तावित सात मार्गों में पहला हनुमानगढ़ से मटीली वाया पक्कासारणा व मन्नीवाली, दूसरा हनुमानगढ़ से केवलांवाली वाया पक्कासारणा, पक्काभादवां, सुभानवाला व उमेवाला, तीसरा हनुमानगढ़ से मसीतांवाली हैड वाया सतीपुरा, गाहडू व तन्दूरवाली, चौथा हनुमानगढ़ से संगरिया वाया सतीपुरा, नवां, चन्दड़ा, लीलांवाली व नाथवाना, पांचवां रावतसर से हनुमानगढ़ वाया जाखड़ांवाली व सूरतगढ़, छठा हनुमानगढ़ से नोहर वाया मसीतांवाली हैड, थालड़का, टोपरियां व चहुवाली, सातवां हनुमानगढ़ से भादरा वाया मसीतांवाली हैड, चहुवाली, नोहर, ललाना, घेऊ व जाटान शामिल हैं।