गंगा दशहरा पर यमुना स्नान को उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

Published On

कैराना। गंगा दशहरा के पावन पर्व के अवसर पर यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर स्थित यमुना नदी पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने यमुना नदी में आस्था की डुबकी लगाकर परिवार में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। वहीं, एसडीएम, सीओ व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा के दृष्टिगत भारी पुलिस फोर्स व प्राइवेट गोताखोर भी तैनात रहे।

गुरुवार को ज्येष्ठ माह के गंगा दशहरा का पर्व बड़े ही श्रद्धा व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रातःकाल से ही बॉर्डर पर स्थित यमुना नदी पर यूपी व हरियाणा से श्रद्धालु पहुंचने शुरू हो गए थे। जहां श्रद्धालुओं ने यमुना किनारे विशेष पूजा-अर्चना की तथा यमुना नदी में स्नान किया। श्रद्धालुओं ने परिवार में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की तथा ब्राह्मणों को दान-दक्षिणा दिया। वहीं, यमुना किनारे लगी दुकानों पर श्रद्धालुओं ने खरीदारी भी की। उधर, एसडीएम कैराना निधि भारद्वाज, सीओ श्यामसिंह तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने यमुना पर मौजूद रहकर स्नान के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एएसपी शामली संतोष कुमार सिंह ने भी यमुना पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मातहतों को पूरी तरह श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर फोकस करने के निर्देश दिए।

एनडीआरएफ की टीम यमुना पर रही मुस्तैद

गुरुवार को गंगा दशहरे के पर्व पर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे। गाजियाबाद से राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल(एनडीआरएफ) की टीम को यमुना पर लगाया गया था, जिसमें 33 सदस्य शामिल थे। इसके अलावा, पीएसी का एक प्लाटून व प्राइवेट गोताखोरों को भी तैनात किया गया है। किसी भी विषम परिस्थिति से निपटने के लिए तीन मोटर बोट लगाई गई थी, जिसमें दो मोटर बोट एनडीआरएफ व एक तहसील प्रशासन की ओर से लगाई गई थी। यमुना स्नान के दौरान एनडीआरएफ की टीम ने पानीपत निवासी विजय व कपिल को डूबने से बचाया। एनडीआरएफ की टीम को पहली बार यमुना पर तैनात किया गया था। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस व पीएसी के सैंकड़ों जवान मुस्तैद रहे।

About The Author

Related Posts