एआरटीओ ने चलाया वाहन चेकिंग अभियान, एक डग्गामार सीज

एआरटीओ की कार्यवाही से डग्गामार वाहन चालकों में मचा हड़कंप, कार्यवाही के भय से वाहनों समेत मौके से फरार हो गए डग्गामार चालक

Sarvesh Kumar Picture
Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी(एआरटीओ) ने कैराना में अभियान चलाकर अवैध रूप से यात्रियों को ले जा रहे एक डग्गामार वाहन को सीज कर दिया। एआरटीओ की कार्यवाही से डग्गामार वाहन चालकों में हड़कंप मचा है।

सोमवार दोपहर बाद एआरटीओ रोहित राजपूत कैराना पहुंचे। जहां पर उन्होंने अवैध रूप से सड़कों पर दौड़ रहे डग्गामार वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने कस्बे के कांधला तिराहे पर पानीपत के लिए सवारी भरकर ले जा रहे एक ईको गाड़ी को पकड़ लिया और कोतवाली ले आए। एआरटीओ ने गाड़ी चालक से यात्री ढोने के लिए वैध दस्तावेज दिखाने को कहा, जिस पर गाड़ी चालक बगले झांकने लगा। इस पर एआरटीओ ने गाड़ी को सीज कर दिया। हालांकि चालक ने गाड़ी सीज न करने के लिए काफी मिन्नतें की, परन्तु एआरटीओ की सख्ती के सामने उसकी सारी मिन्नतें बेकार गई।

एआरटीओ की कार्यवाही से डग्गामार वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। ईको गाड़ी के सीज होने के पश्चात डग्गामार चालक अपने वाहनों को लेकर मौके से रफूचक्कर हो गए। वहीं, एआरटीओ ने बताया कि बिना अनुमति के सवारी ले जा रहे एक ईको गाड़ी को सीज किया गया है। अवैध रूप संचालित यात्री वाहनों के खिलाफ कार्यवाही भविष्य में भी जारी रहेगी।

यात्रियों की जान जोखिम में डालकर सड़कों पर दौड़ रहे अवैध डग्गामार

कैराना में अवैध डग्गामार वाहनों की भरमार है। कई दर्जन डग्गामार वाहन रोजाना कैराना से विभिन्न स्थानों के लिए यात्रियों को लेकर प्रस्थान करते है। इनमें से सबसे ज्यादा डग्गामार वाहन कस्बे के कांधला तिराहे से पानीपत के लिए चलते है। ये वाहन यात्रियों के लिए किसी यमदूत से कम नही है। हुक्मरानों की नरमी के चलते ये वाहन यात्रियों की जान जोखिम में डालकर सड़कों पर फर्राटा भर रहे है।

हालांकि कोई बड़ी सड़क दुर्घटना होने पर प्रशासन इन वाहनों के खिलाफ कार्यवाही करता है, परन्तु कुछ समय विराम के बाद ये डग्गामार फिर से सड़कों पर फिर से तांडव करने लगते है। इन डग्गामार वाहनों को ज्यादातर अप्रशिक्षित चालकों के द्वारा जानलेवा रफ्तार के साथ सड़कों पर दौड़ाया जाता है, जिससे इनके अंदर बैठे यात्रियों की सांसे हलक में अटक जाती है। सरकार के नुमाइंदों के द्वारा यदा-कदा इन डग्गामार वाहनों के खिलाफ की जाने वाली कार्यवाही ऊंट के मुंह में जीरे के समान है।

About The Author

Related Posts