गौ संरक्षण व संवर्धन के लिए गौसेवकों ने भरी हुंकार'
एमकेबी गौ सेवा दल का तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: महर्षि कालू बाबा(एमकेबी) गौ सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए एसडीएम को तीन सूत्रीय ज्ञापन-पत्र सौंपा है। उन्होंने देशभर में गौहत्या पर पूर्णतयः प्रतिबंध लगाए जाने की मांग की है।
सोमवार को महर्षि कालू बाबा(एमकेबी) गौ सेवा दल के कार्यकर्ता संगठन के प्रदेशाध्यक्ष अनुज महाकाल के नेतृत्व में तहसील मुख्यालय पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने प्रदर्शन करते हुए तीन सूत्रीय ज्ञापन-पत्र एसडीएम कैराना शिवाजी यादव को सौंपा। ज्ञापन-पत्र में मांग की गई कि भारत में गौहत्या पर पूर्णतयः प्रतिबंध लगाया जाए, जिससे गौवंश पूरी तरह सुरक्षित रह सके। गौमाता को राष्ट्रमाता, राष्ट्र देव, राष्ट्र आराध्या, राष्ट्र धरोहर अथवा राष्ट्र आधार का सम्मानित पद प्रदान किया जाए। गौसेवा हेतु केंद्रीय कानून लागू हो तथा गौसेवा मंत्रालय का गठन किया जाए, जिससे पूरे देश में समान रूप से गौसेवा का कार्य किया जा सके। ज्ञापन में भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्रहित के मद्देनजर उपरोक्त मांगों को देश के सभी राज्यों में शीघ्र लागू किये जाने का अनुरोध किया गया है। पत्र पर देवीचंद, दीपक, हिमांशु, सन्नी, सूर्यप्रताप, राहुल, कपिल, सावन, मोहित, निखिल, रोहित, सचिन, विक्की आदि के हस्ताक्षर अंकित है।
झाड़खेड़ी से कैराना तक निकाली पैदल यात्रा, सौंपा ज्ञापन
सोमवार को गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत डॉ. योगी गौतमनाथ के नेतृत्व में सैंकड़ों गौ सेवक क्षेत्र के गांव झाड़खेड़ी में स्थित शिव मंदिर में एकत्र हुए। जहां से वह पैदल यात्रा करते हुए कैराना कस्बे की तीतरवाड़ा चुंगी पर पहुंचे। उन्होंने वहां पर पहले से ही मौजूद तहसीलदार अर्जुन चौहान को देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को संबोधित एक ज्ञापन-पत्र सौंपा। डॉ. योगी गौतमनाथ ने कहा कि उन्होंने गौसेवकों के साथ गौसंरक्षण के समर्थन में पैदल यात्रा निकाली है, जिसका उद्देश्य गौमाता को देशभर में उचित सम्मान दिलाना है।
उन्होंने सरकार से मांग कि है कि गौमाता को राष्ट्र माता का दर्जा दिया जाए, जिससे वह उसका खोया हुआ गौरव वापिस आ सके। गोवंशों की हत्या पर देशभर में कठोर कानून लागू किया जाए, ताकि कोई भी अनाचारी गौहत्या के बारे सोच भी न सके। गौसंरक्षण के दृष्टिगत गौपालकों को एक निर्धारित अनुदान राशि निरंतर प्रदान की जाए, ताकि गौसंरक्षण एवं संवर्धन में आसानी हो। डॉ. योगी गौतमनाथ ने उपरोक्त मांगे पूरी न होने पर देशभर में पैदल यात्रा निकालने की बात कही है। इस दौरान सुभाष प्रधान, सागर मलकपुर आदि मौजूद रहे। वहीं, सुरक्षा के दृष्टिगत कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री भी पुलिस बल के साथ में मुस्तैद नजर आए।
