डीएम आलोक यादव ने किया तहसील व नगरपालिका का निरीक्षण
अभिलेखों के रखरखाव व सफाई-व्यवस्था को बेहतर करने के दिये निर्देश
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: सोमवार को जिलाधिकारी आलोक यादव तहसील मुख्यालय पर पहुंचे। जहां पर एसडीएम शिवाजी यादव ने बुके भेंट करके उनका स्वागत किया। इसके पश्चात, जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में स्थित विभिन्न कार्यालयों का गहन निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तहसील परिसर में स्थित न्यायालयों एवं कार्यालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर शीर्ष अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने तहसीलदार न्यायालय में लंबित वादों की समीक्षा की और उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदार न्यायालय में दाखिल होने वाली शिकायतों और उनके निस्तारण की प्रक्रिया की भी जानकारी प्राप्त की।
डीएम ने रजिस्ट्रार कार्यालय का निरीक्षण कर खतौनी, वरासत एवं एनपीएस से संबंधित अभिलेखों की जांच की। साथ ही, अधिकारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान शिकायतकर्ताओं से फोन पर वार्ता करके फीडबैक भी लिया गया। जिलाधिकारी ने पारिवारिक रजिस्टर प्रमाण पत्र, वृद्धावस्था पेंशन एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित कार्यों की जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा, कानूनगो कार्यालय में मालखाना रजिस्टर और मत्स्य पालन पट्टों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान तहसील परिसर में साफ-सफाई का भी जायजा लिया गया।
उन्होंने नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर तहसीलदार अर्जुन चौहान, नायब तहसीलदार सतीश कुमार, राजस्व निरीक्षक देवानंद, अरुण कुमार व स्टेनो दुष्यंत राणा आदि मौजूद रहे। तहसील के निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी नगरपालिका परिषद कैराना में पहुंचे। जहां पर उन्होंने कर वसूली, दस्तावेज रख-रखाव आदि का निरीक्षण करके आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नगरपालिका में निरीक्षण के दौरान इस दौरान ईओ समीर कश्यप, जलकल लिपिक तासीम अली, लेखाकार राकेश कुमार, कार्यालय अधीक्षक जैगम हुसैन, इनाम अली आदि मौजूद रहे। वहीं, जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत तहसील व नगरपालिका का निरीक्षण किया गया है। नगरपालिका में सभी अभिलेखों का निरीक्षण किया गया है। सामान्य साफ-सफाई अच्छी है, परन्तु अभिलेखों का रख-रखाव इतना अच्छा नही है।उन्हें डिजिटल किये जाने की प्रगति है। गृहकर व जलकर की पुरानी पत्रावलियों को ऑनलाइन किया जाना है। इनका ऑनलाइन किया जाना आवश्यक है, ताकि कर वसूली में आसानी हो सके। खामियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए है। निर्धारित समयावधि में सभी प्रस्ताव टेंडर कराकर उन्हें पूरा करने व बोर्ड बैठक के नियमित आयोजन के लिए कहा गया है। मानसून से पूर्व नालों की साफ-सफाई के लिए निर्देशित किया गया है।
6.jpg)
About The Author