Punjab
दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
मीरापुर थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक चालक फरार
मीरापुर (सच कहूँ/कोमल प्रजापति)। Miranpur News: थाना क्षेत्र के गांव सिकरेड़ा निवासी एक ई-रिक्शा चालक की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार गांव सिकरेड़ा निवासी बिजेंद्र (40) पुत्र फूल सिंह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। बताया गया कि शुक्रवार दोपहर वह ई रिक्शा से किसी कार्य से देवल गया हुआ था। काम निपटाने के बाद जब वह वापस अपने गांव लौट रहा था और गांव के सामने स्थित फ्लाईओवर के पास पहुंचा, तभी बिजनौर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उसके ई-रिक्शा में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजेंद्र ई-रिक्शा से उछलकर सड़क पर जा गिरा। इसी दौरान ट्रक का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बिजेंद्र अपने पीछे एक बेटी और दो बेटों को छोड़ गया है। वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मीरापुर थाना प्रभारी राजीव शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
