गोली लगने से घायल पत्रकार विक्रम जोशी की मौत

Published On

गाजियाबाद। गाजियाबाद के विजयनगर इलाके में अज्ञात बदमाशों के गोली मारने से घायल पत्रकार विक्रम जोशी की बुधवार तड़के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। जोशी को सोमवार को विजयनगर क्षेत्र में बदमाशों ने गोली मार दी थी। वह गाजियाबाद के नेहरू नगर स्थित यशोदा अस्पताल में भर्ती थे, जहां आज तड़के उनकी मृत्यु हो गई। उन्होंने भांजी से छेड़छाड़ करने वाले युवकों की पुलिस में शिकायत की थी।

जोशी को जब गोली मारी गई उस समय वह अपनी दो बेटियों के साथ मोकरसाइकिल पर थे। गोली मारने की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। इस मामले में पुलिस नौ ल़ोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। शिकायत के बाद कार्रवाई नहीं करने पर चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच क्षेत्राधिकारी प्रथम कर रहे हैं।

 

 

यूपी में जंगलराज,इस्तीफा दें योगी : लल्लू

गाजियाबाद में पत्रकार की हत्या को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने राज्य में कानून व्यवस्था की बदतर हालत का आरोप लगाते हुये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस्तीफे की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बुधवार को कहा कि पत्रकार की हत्या जंगलराज के हालात बयां करते हैं। राज्य में अपराधी बेखौफ हो चुके है। वे पुलिसकर्मियों,पत्रकार किसी की भी हत्या करने में तनिक भी गुरेज नहीं करते है। प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। आम लोगों में दहशत का माहौल है। महिलायें घरों से निकलने से कतरा रही है।

उन्होने कहा कि पत्रकार का कसूर सिर्फ इतना था कि उन्होने अपनी भांजी के साथ छेड़छाड़ की घटना की शिकायत पुलिस से की थी। सच्चाई तो यह है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कानून व्यवस्था को संभालने में नाकाम साबित हुये है। उन्हे अब इस्तीफा देकर गोरखपुर वापस लौट जाना चाहिये। गोरखपुर उन्हे बुला रहा है। गौरतलब है कि गाजियाबाद के विजयनगर इलाके में सोमवार को अज्ञात बदमाशों ने पत्रकार विक्रम जोशी को उस समय गोली मार दी थी जब वह मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। जोशी की बुधवार तड़के उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस इस मामले में अब तक नौ ल़ोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। शिकायत के बाद कार्रवाई नहीं करने पर चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच क्षेत्राधिकारी प्रथम कर रहे हैं।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts