गोलीकांड का नामजद आरोपी गिरफ्तार, बंदूक बरामद

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज)। गांव मन्नामाजरा (Mannamajra) में विवादित जमीन पर निर्माण करने को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट व फायरिंग के प्रकरण में पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लूटी गई डबल बैरल बंदूक व दो खोखे भी बरामद हुए है।

विगत सोमवार शाम गांव मन्नामाजरा (Manna Majra) के बाहर नेशनल हाइवे के किनारे स्थित विवादित जमीन पर निर्माण कार्य करने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट व फायरिंग हुई थी, जिसमें गोली लगने से एक पक्ष के परवेज व मुनव्वर घायल हो गए थे, जबकि दूसरे पक्ष के पंकज व विनोद भी गम्भीर रूप से घायल हुए थे। पंकज और विनोद विवादित भूमि पर निजी सुरक्षाकर्मी के तौर पर तैनात थे। गांव में गोली चलने की सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था।

एसपी अभिषेक झा एवं एएसपी ओपीसिंह ने घटना के पश्चात कई थानों की फोर्स व पीएसी बल के साथ गांव में पहुंचकर हालात पर काबू पाया था। मामले में उदयवीर निवासी मोहल्ला आर्यपुरी कस्बा शामली की ओर से कोतवाली कैराना (Kairana) पर इंतज़ार, मुनव्वर, परवेज व फरमान के विरुद्ध जानलेवा हमला करने तथा निजी सुरक्षाकर्मी विनोद की लाइसेंसी बंदूक लूटकर ले जाने का अभियोग पंजीकृत कराया गया था। बुधवार को पुलिस ने घटना में नामजद आरोपी फरमान पुत्र स्वर्गीय इरफान उर्फ जुल्फान निवासी ग्राम मन्नामाजरा को गिरफ्तार करके जेल भेजा है।

पुलिस (Police) ने आरोपी के कब्जे से निजी सुरक्षाकर्मी विनोद से लूटी गई डबल बैरल बंदूक व दो खोखे बरामद किए है। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्यामवीर सिंह का कहना है कि मामले में नामजद आरोपी फरमान को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है। आरोपी के कब्जे से लूटी गई डबल बैरल बंदूक व दो कारतूस बरामद हुए है। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिशें दी जा रही है।

About The Author