Ghaziabad Crime News: गाजियाबाद के मुरादनगर में बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, जमकर चली पत्थरबाजी

Published On

गाजियाबाद (एजेंसी)। Ghaziabad Crime News: गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र के मलिकनगर बंबा रोड पर बीती रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और इलाके में जमकर मारपीट व पत्थरबाजी हुई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और दहशत का माहौल बन गया।

रमजान के दौरान इफ्तार के बाद रात करीब 8 बजे दोनों पक्षों के बच्चों के बीच किसी छोटी-सी बात पर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह कहासुनी बड़े लोगों तक पहुंच गई। पुरानी रंजिश भी इसमें शामिल हो गई और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। जल्द ही मामला हाथापाई में बदल गया और घरों की छतों तथा गलियों से ईंट-पत्थर चलने लगे। काफी देर तक दोनों ओर से पत्थरबाजी होती रही, जिससे आसपास के लोग घरों में दुबक गए और राहगीर भी डर के मारे इधर-उधर भागने लगे।

सूचना मिलते ही मुरादनगर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने के लिए तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस की मौजूदगी से कुछ समय बाद पत्थरबाजी रुक गई। इस झड़प में सोनू, समी, इमराना, रुकसाना और मेहराज समेत कम से कम पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरादनगर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों से कुल मिलाकर कई लोग घायल हुए हैं।

घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल वीडियो और चश्मदीदों के बयान के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है। घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें मारपीट, हंगामा और पत्थरबाजी साफ दिखाई दे रही है। Ghaziabad Crime News

पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और जांच जारी है। स्थानीय लोग इस घटना से काफी डरे हुए हैं और शांति की अपील कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें:– सिविल अस्पताल में महिला पर फेंका टॉयलेट क्लीनर, जाने क्या है मामला…

About The Author

Related Posts