वारंटी छात्र ने पुलिस अभिरक्षा में दी इंटरमीडिएट की परीक्षा

Published On

जानलेवा हमले के मामले में कोर्ट से गैर-जमानती वारंट जारी होने के पश्चात आरोपी छात्र को किया गया था गिरफ्तार

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गए 12वीं कक्षा के छात्र ने न्यायालय से अनुमति प्राप्त करके बोर्ड परीक्षा में भाग लिया है। छात्र को पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी होने पर गिरफ्तार किया था। Kairana News

क्षेत्र के रामड़ा निवासी विशाल कुमार ने विगत 20 मई 2025 को गांव के ही विकास कश्यप समेत सात लोगो के खिलाफ कोतवाली कैराना पर जानलेवा हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचक ने मामले की तफ्तीश करके आरोप-पत्र कोर्ट में दाखिल किया था। आरोपी युवक घटना के बाद से ही कोर्ट से फरार चल रहा था। विगत दिनों कोर्ट ने आरोपी युवक के विरुद्ध गैर-जमानती वारंट(एनबीडब्ल्यू) जारी करके गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। शुक्रवार को कोतवाली पुलिस ने न्यायालय से गैर हाजिर चल रहे वारंटी विकास को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया।

कोर्ट से अनुमति प्राप्त करके आरोपी ने दी बोर्ड परीक्षा | Kairana News

एनबीडब्ल्यू जारी होने पर कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया आरोपी विकास 12वीं कक्षा का छात्र है। वर्तमान में प्रदेशभर में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा चल रही है। शुक्रवार को आरोपी छात्र का श्री चंदनलाल नेशनल इण्टर कॉलिज कांधला में अंग्रेजी विषय का पेपर था। छात्र ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में अपने अधिवक्ता के माध्यम से प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत करके परीक्षा में शामिल होने की अनुमति मांगी। न्यायालय से अनुमति मिलने के पश्चात आरोपी छात्र पुलिस अभिरक्षा में बोर्ड परीक्षा में शामिल हुआ।

बताया गया है कि परीक्षा के पश्चात आरोपी को कारागार भेज दिया गया। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री का कहना है कि जानलेवा हमले के मामले में कोर्ट ने गैर-जमानती वारंट जारी होने के पश्चात एक वारंटी को गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश किया गया था। पकड़ा गया वारंटी 12वीं कक्षा का छात्र है। कोर्ट की अनुमति के पश्चात पुलिस अभिरक्षा में वारंटी छात्र की परीक्षा कराई गई है। Kairana News

यह भी पढ़ें:– Haryana Roadways Bus: नशे में बस चलाने पर चालक पर कार्रवाई, बस इंपाउंड

About The Author

Related Posts