Punjab
युवक का फरार हत्यारोपी एनकाउंटर में घायल, तमंचा-बाइक बरामद
चार दिन पूर्व खन्द्रावली निवासी युवक आशु की दिल्ली-यमनोत्री मार्ग पर गोली मारकर कर दी गई थी हत्या
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: चार दिन पूर्व प्रेम-प्रसंग के चलते दिल्ली-यमनोत्री मार्ग पर खन्द्रावली के युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के ईनामी हत्यारोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपी दाएं पैर में पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। पकड़े गए हत्याभियुक्त के कब्जे से तमंचा, कारतूस व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है।
विगत एक मई की शाम स्थानीय पुलिस को दिल्ली-यमनोत्री मार्ग पर खन्द्रावली पुलिस चौकी के निकट स्थित ओमपाल मुखिया के बाग के पास एक युवक के घायल अवस्था में पड़ा होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल में पहुंचाया था। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। पुलिस सड़क हादसे में युवक की मौत होना मानकर चल रही थी। बाद में पुलिस ने परिजनों की सहमति से युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम के दौरान पता चला था कि युवक की मौत सड़क हादसे में नही बल्कि सिर में गोली लगने से हुई है।
युवक की हत्या से परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर विगत शनिवार को खन्द्रावली पुलिस चौकी के सामने नेशनल हाइवे पर जाम लगा दिया। पुलिस के काफी समझाने-बुझाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही के आश्वासन के पश्चात परिजन जाम खोलने को राजी हुए थे। पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए युवक की हत्या की घटना में शामिल एक आरोपी आकाश निवासी मोहल्ला गड़रियान कस्बा शाहपुर को शनिवार शाम को ही घटना में प्रयुक्त 315 बोर के तमंचे, जिंदा कारतूस व बाइक के साथ गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था, जबकि हत्या का मुख्य आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर था। पकड़े गए आरोपी ने पुलिस पूछताछ के दौरान प्रेम-प्रसंग के चलते युवक के सिर में गोली मारकर हत्या किया जाना स्वीकार किया था।
पुलिस ने फरार आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसी क्रम में एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार आपराधिक घटनाओं में लिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को कांधला-भभीसा मार्ग पर स्थानीय पुलिस की युवक की हत्या में मामले में वांछित चल रहे 25 हजार के इनामी मोहित उर्फ शंकर निवासी मोहल्ला गड़रियान कस्बा शाहपुर से मुठभेड़ हो गई, जिसमें आरोपी पैर में पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। घायल आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक तमंचा, जिंदा कारतूस व बाइक बरामद की है। पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए कांधला सीएचसी पर भर्ती कराने के साथ ही अग्रिम विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।