युवा, जमीनी नेता बने कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष : कै. अमरिंदर सिंह

Published On

अशोक गहलोत, कमलनाथ, सुशील शिंदे सहित कई हैं दावेदार

  • पार्टी को 21 साल बाद मिलेगा गैर गाँधी अध्यक्ष

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि राहुल गांधी के पद छोड़ने के बाद अब किसी युवा जमीनी नेता को ही कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की युवा आबादी को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस पार्टी को एक युवा पार्टी अध्यक्ष की जरूरत है। कैप्टन का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब राहुल गांधी की जगह पर पार्टी अध्यक्ष बनाए जाने के लिए कई नामों पर विचार चल रहा है।

बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष पद की दौड़ में कई नामों पर विचार चल रहा है और माना जा रहा है कि 21 साल बाद अब पार्टी को कोई गैर-गांधी अध्यक्ष मिल सकता है। जिन नामों पर सबसे ज्यादा चर्चा है, उनमें राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, सुशील कुमार शिंदे, मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल हैं। हालांकि पार्टी का एक धड़ा राजस्थान के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के नाम की भी सिफारिश कर रहा है।

गौरतलब है कि राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद अब कांग्रेस कार्यसमिति को नया अध्यक्ष चुनना होगा। चुनावी हार के बाद कांग्रेस में जारी नेतृत्व संकट के बीच यह समझना महत्वपूर्ण है कि आजादी के बाद गांधी परिवार से संबंध न रखने वाले कौन से नेता पार्टी अध्यक्ष बने। पार्टी को 21 साल बाद अब कोई गैर-गांधी अध्यक्ष मिल सकता है। इससे पहले सीताराम केसरी 1996 से 1998 तक कांग्रेस के अध्यक्ष रहे थे, जो गांधी परिवार से नहीं थे।

 

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करे।

About The Author

Related Posts