युवक की विवादित टिप्पणी से गुर्जर समाज में आक्रोश, कार्यवाही की मांग

युवक द्वारा सोशल मीडिया पर की गई विवेकहीन टिप्पणी को लेकर गुर्जर समाज में रोष व्याप्त

Sarvesh Kumar Picture
Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: सोशल मीडिया के माध्यम से एक युवक द्वारा जाति विशेष के प्रति विवादित टिप्पणी किये जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गांव कण्डेला में गुर्जर समाज के लोगो ने पंचायत करके आरोपी युवक के विरुद्ध कठोर कार्यवाही किये जाने की मांग की है। विगत शुक्रवार को गांव कण्डेला में गुर्जर समाज के लोगो की एक पंचायत प्रेमसिंह चौहान के आवास पर आयोजित हुई, जिसमें गांव कण्डेला, हिंगोखेड़ी व शेखूपुरा के ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान युवक द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से समाज के ऊपर की गई विवादित टिप्पणी को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया।

पंचायत में पुलिस-प्रशासन से आरोपी युवक के विरुद्ध कठोर कार्यवाही किये जाने की मांग की गई। साथ ही, ऐसा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। पंचायत के दौरान वक्ताओं ने कहा कि समाज में सभी बिरादरी सम्माननीय होती है। किसी व्यक्ति द्वारा किये गए गलत कृत्य को पूरी बिरादरी से जोड़ना निंदनीय है। गलत व्यक्ति की कोई बिरादरी नही होती है। वह पूरे समाज का दुश्मन होता है। ऐसे में किसी व्यक्ति विशेष के द्वारा किये गए कृत्य के कारण पूरी बिरादरी को गाली देना अपमानजनक है। पुलिस-प्रशासन को ऐसे लोगो के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जानी चाहिए, ताकि समाज में शांति-व्यवस्था बरकरार रहे। पंचायत में ईश्वर प्रधान, श्यामसिंह चौहान उर्फ चांदी, पीतम सिंह, प्रदीप हिंगोखेड़ी, रतनसिंह फौजी, श्यामा, प्रवीण चौहान, मांगेराम, जसवीर सिंह, मनोज कुमार, अंकित चौहान, सुशील चौहान आदि मौजूद रहे।

विदित रहे कि अनुज कश्यप नामक युवक के द्वारा सोशल मीडिया पर गांव जसाला के युवक मोनू की मौत के मामले में जाति विशेष के प्रति विवादित टिप्पणी की गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ में वायरल हो रहा है। युवक की विवादित टिप्पणी से गुर्जर समाज में आक्रोश पनप रहा है और युवक के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही किये जाने की मांग की जा रही है। उक्त युवक की इसी मामले में भाजपा नेता मनीष चौहान से भी तीखी बहस हुई है, जिसका ऑडियो भी सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर वायरल है।

Kairana News

About The Author

Related Posts