Republic Day 2026: गणतंत्र दिवस पर दो प्रगतिशील कृषकों का राष्ट्रीय स्तर पर हुआ चयन

Published On

Republic Day 2026: आगर-मालवा। मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले के दो प्रगतिशील कृषकों का चयन गणतंत्र दिवस समारोह 2026 के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए विशेष अतिथि के रूप में हुआ है। इसके तहत जिले की सोयतकलां निवासी श्रीमती अवंतीबाई कुशवाह एवं ग्राम आक्याखेड़ी निवासी श्रीमती अंगूरबाला शर्मा को गणतंत्र दिवस समारोह के साक्षी बनने हेतु आमंत्रित किया गया है। यह चयन जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।

राष्ट्रीय पर्व के इस भव्य आयोजन में देशभर से चयनित विशिष्ट अतिथियों के साथ आगरमालवा जिले का प्रतिनिधित्व होना, जिले के कृषकों की मेहनत, नवाचार एवं उत्कृष्ट कृषि कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली मान्यता को दशार्ता है। चयनित दोनों कृषकों ने आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण, वैज्ञानिक पद्धतियों एवं सतत कृषि मॉडल को अपनाकर न केवल अपनी कृषि आय में उल्लेखनीय वृद्धि की है, बल्कि क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बने हैं।

इस संबंध में किसान कल्याण तथा कृषि विकास उप संचालक विजय चौरसिया ने बताया कि यह उपलब्धि केवल इन कृषकों की व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि जिले के समस्त कृषक समुदाय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह चयन इस बात का प्रमाण है कि जिले के किसान आधुनिक तकनीकों को अपनाकर कृषि को लाभकारी व्यवसाय बना रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि यह सम्मान अन्य कृषकों को भी नवाचार अपनाने एवं उन्नत कृषि की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा तथा आगरमालवा जिले को कृषि के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा।

About The Author

Related Posts