दुनियाभर में कोविड-19 से 10 लाख से अधिक लोगों की मौत

Published On

वाशिंगटन। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) का प्रकोप दुनिया में लगातार बढ़ता ही जा रहा है और इसके कारण अब तक मरने वाले लोगों की संख्या 10 लाख को पार कर गयी है। अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केन्द्र (सीएसएसई) की ओर से जारी किए गए ताजा आंकड़ों के अनुसार कोरोना से विश्वभर में अब तक 3,32,73,720 लोग संक्रमित हुए हैं। वहीं 10,00,555 लोगों की इससे मौत हो चुकी है। गौरतलब है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोरोना वायरस (कोविड-19) को 11 मार्च को महामारी घोषित किया था।

अमेरिका में कोविड-19 से अब तक 2.05 लाख से अधिक लोगों की मौत

वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) से गंभीर रूप से जूझ रहे अमेरिका में इसके संक्रमण से 2.05 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका में यह महामारी विकराल रूप ले चुकी है और अब तक 71 लाख से अधिक लोग इससे संक्रमित हो चुके हैं। अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केन्द्र (सीएसएसई) की ओर से जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक अमेरिका में कोरोना से मरने वालों की संख्या 2,05,031 पहुंच गयी है जबकि संक्रमितों की संख्या 71 लाख काे पार कर 71,47,241 हो गयी है।

अमेरिका का न्यूयाॅर्क, न्यूजर्सी और कैलिफोर्निया प्रांत कोरोना से सबसे बुरी तरह प्रभावित है। अकेले न्यूयाॅर्क में कोरोना संक्रमण के कारण 33,140 लोगों की मौत हुई है। न्यूजर्सी में अब तक 16,107 लोगों की इस महामारी के कारण मौत हो चुकी है। कैलिफोर्निया में कोविड-19 से अब तक 15 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। टेक्सास में इसके कारण 15,773 लोग अब तक अपनी जान गंवा चुके हैं जबकि फ्लोरिडा में कोविड-19 से 14 हजार से अधिक लोगों की जान गई है। इसके अलावा मैसाचुसेट्स, इलिनॉयस और पेंसिल्वेनिया जैसे प्रांत भी कोविड-19 का प्रकोप झेल रहे हैं। इन तीनों प्रांतों में कोरोना से आठ हजार से अधिक लोगों की मौत हुई है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts