श्रीनगर में सड़क दुर्घटना में एक सैनिक की मौत, एक घायल

Published On

श्रीनगर (एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में शनिवार को एक सड़क दुर्घटना में एक सैनिक की मौत हो गयी और एक सैनिक घायल हो गया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दोनों सैनिक श्रीनगर के परिम्पोरा मार्ग पर एक ट्रक की चपेट में आ गये थे। हादसे में एक सैनिक की मौत हो गयी, जबकि दूसरा घायल हो गया। दोनों सैनिक सेना के रोड ओपनिंग पार्टी का हिस्सा थे। एक यातायात अधिकारी ने बताया कि दोनों सैनिकों को फल मंडी के पास एक ट्रक ने जबरदस्त टक्कर मार दी जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गये। बाद में उनमें से एक सैनिक की मौत हो गयी, जिसकी पहचान संजय कुमार के रूप में की गयी है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

राजौरी अज्ञात बंदूकधारि ने एक शख्स की गोली मारकर हत्या की

 जम्मू-कश्मीर के राजौरी में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को कहा कि राजौरी में बुढल तहसील के तरगैन गांव के निवासी 27 वर्षीय करामत शाह पर तड़के कुछ अज्ञात लोगों ने गोली मार दी। पुलिस ने कहा, “उन्हें उनके घर की खिड़की से गोली मारी गई। उनके सिर में चोट आई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।” पुलिस ने बताया कि इस दौरान इसी गांव के रहने वाले नबी शाह के घर पर दो गोलियां चलायीं। इस हमले में हालांकि परिवार को कोई भी सदस्य हताहत नहीं हुआ। इस सिलसिले में पुलिस ने मामले दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। 

जम्मू-कश्मीर में अभी भी रात में तापमान हिमांक बिंदु से नीचे

 कश्मीर घाटी में रात का तापमान अभी भी हिमांक बिंदु से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पर्यटन स्थल पहलगाम में रात का तापमान गिरकर शून्य से 11.3 डिग्री सेल्सियस नीच चला गया है। वहीं, उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में तापमान शून्य से 9.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में रात का तापमान माइन्स 1.6 डिग्री सेल्सियस और घाटी के प्रवेश द्वार शहर काजीगुंड में शून्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे तक गिर गया।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts