हमसे जुड़े

Follow us

22.1 C
Chandigarh
Thursday, March 26, 2026
More
    Home राज्य पंजाब पंजाब विधानसभ...

    पंजाब विधानसभा चुनाव: दिग्गजों का दावा, जीत हमारी होगी

    Punjab Assembly Elections sachkahoon

    हर किसी ने किया अपनी-अपनी सरकार बनने का दावा

    चंडीगढ़ (अश्वनी चावला)। पंजाब विधानसभा चुनाव (Punjab Assembly Elections) के लिए मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक रही। दिग्गजों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और लोगों से अपने समर्थन में वोट देने की अपील करते दिखे। सभी राजनीतिक दलों के नेता खुद व पार्टी की जीत को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त दिखे। हर कोई अपनी-अपनी सरकार बनने का दावा कर रहा है। हालांकि ये दावे कितने सच होते हैं यह 10 मार्च को ईवीएम खुलने पर पता चलेंगे।

    पंजाब के पांच बार के सीएम रह चुके प्रकाश सिंह बादल लंबी विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में हैं। वह सबसे वयोवृद्ध प्रत्याशी हैं। बादल ने परिवार सहित बादल गांव में मतदान किया। इस दौरान प्रकाश सिंह बादल ने दावा किया कि सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व में अकाली दल 80 सीटों पर जीत दर्ज कर रही है।

    पंजाब (Punjab Assembly Elections)के सीएम व कांग्रेस के सीएम फेस चरणजीत सिंह चन्नी ने खरड़ में मतदान किया, जबकि वह चमकौर साहिब व भदौड़ दो सीटों से चुनाव मैदान में हैं। चन्नी ने दावा किया कि पंजाब में कांग्रेस की लहर है। लोगों ने उनके 111 दिन के काम को देखा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।

    आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रधान एवं सीएम फेस भगवंत मान का कहना है कि पहले किसी और को वोट देते थे, आज शायद लोग अपने आप को वोट करेंगे। पूरे पंजाब में लोगों का मिजाज एक जैसा ही है। अच्छे नतीजे आएंगे, बहुमत की सरकार बनेगी। मान ने दावा किया कि पूरे पंजाब में आप की लहर है। पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। भगवंत मान ने मोहाली में मतदान किया, जबकि वह धूरी से चुनाव मैदान में हैं।

    शिअद प्रधान एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने परिवार सहित गांव बादल में मतदान किया। इस दौरान पिता प्रकाश सिंह बादल, पत्नी हरसिमरत कौर बादल व बेटी हरकीरत कौर भी मौजूद रहीं। सुखबीर बादल ने कहा कि बहुत अच्छे चुनाव चल रहे हैं। अकाली दल-बसपा गठबंधन की लहर है। हम सरकार बनाएंगे, बहुमत मिलेगा।

    पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पटियाला में मतदान किया। कैप्टन भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस से अलग होने के बाद उन्होंने पंजाब लोक कांग्रेस बनाई है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने निशाने पर नवजोत सिंह सिद्धू को रखा। कहा वो (नवजोत सिंह सिद्धू) तो बदलाव कितने सालों से कर रहे हैं। कोई सिद्धू प्रोग्राम लगाना चाहता है, पता नहीं क्या प्रोग्राम है। कांग्रेस का पंजाब से सफाया होने वाला है।

    पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि पंजाब की जनता और सीमावर्ती राज्य होने की वजह से यहां एक स्थिर सरकार होने की आवश्यकता है और कांग्रेस और आप यह नहीं दे सकती। चन्नी अपनी कुर्सी के लिए लड़ रहे हैं। जहां तक आम आदमी पार्टी की बात है तो वह अपने विधायकों को भी नहीं संभाल सकते।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here