हमसे जुड़े

Follow us

25 C
Chandigarh
Saturday, March 14, 2026
More
    Home खेल रायुडू फिटनेस...

    रायुडू फिटनेस टेस्ट में फेल, इंग्लैंड वनडे दौरे से बाहर

    बेंगलुरु (एजेंसी)। बल्लेबाज़ अंबाटी रायुडू अनिवार्य फिटनेस टेस्ट पास नहीं कर सके हैं जिसके कारण इंग्लैंड के खिलाफ अगले महीने से शुरु होने जा रही तीन वनडे मैचों की सीरीज़ के लिए उन्हें भारतीय टीम से बाहर होना पड़ेगा। बेंगलुरु की राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में रायुडू के अलावा भारतीय कप्तान विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी ने भी फिटनेस टेस्ट के लिए हिस्सा लिया था और टेस्ट पास कर लिया है। विराट दो दिन में ही समाप्त हो गए भारत और अफगानिस्तान के एकमात्र टेस्ट में खेलने नहीं उतरे थे और उनकी जगह अजिंक्या रहाणे ने कप्तानी की थी।

    32 साल के रायुडू ने आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की जीत में अह्म भूमिका निभाई थी और 11वें संस्करण में शीर्ष पांच सर्वश्रेष्ठ स्कोरर में शामिल थे। उन्होंने ट््वेंटी-20 लीग में 149.75 के स्ट्राइक रेट से 602 रन बनाए थे। लेकिन करीब डेढ़ वर्ष बाद इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय वनडे टीम में बुलावा पाने वाले रायुडू फिटनेस टेस्ट में फेल होने के कारण सीरीज़ में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। भारत और इंग्लैंड के बीच 12 जुलाई से नाटिंघम में तीन वनडे मैचों की सीरीज़ होनी है। रायुडू ने आखिरी बार 2016 में वनडे टीम में खेला था। खिलाड़ियों के लिए फिटनेस टेस्ट में न्यूनतम 16:1 का स्कोर पाना अनिवार्य है जो स्ट्रैंथ एंड कंडिशनिंग कोच शंकर बासु ने तय किया है।

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) चयनकर्ता जल्द ही रायुडू की जगह अन्य खिलाड़ी के नाम की घोषणा कर सकते हैं। गत सप्ताह बीसीसीआई ने बताया था कि संजू सैमसन और मोहम्मद शमी भी अपने अपने फिटनेस टेस्ट में फेल हो गए थे। शमी इस कारण से अफगानिस्तान टेस्ट के लिए टीम में जगह नहीं बना सके थे जबकि सैमसन भारत ए टीम का हिस्सा नहीं बने थे जो इंग्लैंड दौरे पर है।