सेरेना, थिएम, मेदवेदेव क्वार्टरफाइनल में, केनिन बाहर

Published On

न्यूयॉर्क। 23 बार की ग्रैंड स्लेम चैंपियन अमेरिका की सेरेना विलियम्स, पुरुषों में दूसरी सीड ऑस्ट्रिया के डोमिनिक थिएम और तीसरी वरीयता प्राप्त रुस के डेनिल मेदवेदेव अपने-अपने मुकाबले जीतकर वर्ष के आखिरी ग्रैंड स्लेम यूएस ओपन के क्वार्टरफाइनल में पहुंच गए जबकि ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन अमेरिका की सोफिया केनिन अपना मुकाबला हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गयीं। विलियम्स ने यूनान की मरिया सकारी की कड़ी चुनौती पर तीन सेटों में काबू पाते हुए यूएस ओपन में अपनी 100वीं जीत के साथ महिला वर्ग के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर लिया। तीसरी वरीयता प्राप्त सेरेना ने 15वीं सीड मारिया को दो घंटे 28 मिनट तक चले मुकाबले में 6-3, 6-7, 6-3 से पराजित कर 58वीं बार ग्रैंड स्लेम के क्वार्टरफाइनल में जगह बनायी।

विश्व की आठवें नंबर की खिलाड़ी और यूएस ओपन में छह बार की चैंपियन सेरेना ने 22वीं रैंकिंग की मारिया के खिलाफ मैच में 30 विनर्स लगाए और तीन बार विपक्षी खिलाड़ी की सर्विस तोड़ी जबकि मारिया ने 35 विनर्स तो लगाए लेकिन वह एक बार ही सर्विस ब्रेक हासिल कर सकीं। सेरेना का क्वार्टरफाइनल में बुलगारिया की स्वेताना पिरोंकोवा से मुकाबला होगा जिन्होंने एक अन्य मैच में फ्रांस की एलिजे कोर्नेट को 6-4, 6-7, 6-3 से हराया। महिला वर्ग के एक अन्य मुकाबले में दूसरी सीड केनिन को बेल्जियम की एलिसे मरटेंस के हाथों 3-6, 3-6 से हार का सामना करना पड़ा। केनिन मरटेंस के खिलाफ इस मुकाबले में कोई चुनौती पेश नहीं कर सकीं और उन्हें लगातार सेटों में पराजित होना पड़ा।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts