Punjab
Thane Fire: ठाणे की सब्जी मंडी में भीषण आग का तांडव, कुछ ही देर में हुई विकराल
दो की मौत, दो दमकलकर्मी घायल
Thane Fire: ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे शहर में गुरुवार तड़के एक भीषण अग्निकांड ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। नौपाड़ा क्षेत्र के गोखले रोड स्थित गांवदेवी सब्जी मंडी परिसर में अचानक लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। इस दर्दनाक घटना में दो लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। Maharashtra News
जानकारी के अनुसार, यह हादसा तड़के लगभग 3:45 बजे हुआ, जब अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। शुरुआती समय में आग का पता नहीं चल सका, जिसके कारण लपटें तेजी से फैलती गईं। बाजार क्षेत्र से उठती ऊंची आग की लपटों और घने धुएं ने आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना दिया। स्थानीय लोगों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि इस बाजार में सब्जियों के साथ कपड़ों के भी कई स्टॉल मौजूद थे, जिससे आग तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। आग पर काबू पाने के प्रयास के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सागर शिंदे (43) और कालू शंकर गाडेकर (53) के रूप में हुई है।
अधिकारियों के अनुसार, सागर शिंदे दमकल विभाग में स्टेशन अधिकारी के पद पर कार्यरत थे, जबकि कालू शंकर गाडेकर नगर निगम में सुरक्षा गार्ड थे। इस हादसे में दमकल विभाग के स्टेशन ऑफिसर सुजीत पाष्टे (45) और तांडेल समीर जाधव (40) भी गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायलों को छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। फिलहाल, आग लगने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रशासन और संबंधित अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। Maharashtra News
About The Author