शिक्षा और रोजगार
प्रजातंत्र के लिए सभी को एक होकर लड़ाई लड़नी होगी : भूपेन्द्र हुड्डा
सच कहूँ, देवीलाल बारना, कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र की अनाज मंडी में आयोजित विपक्ष आपके समक्ष कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा (Bhupendra Hooda) ने हुंकार भरी और सरकार के खिलाफ खूब गरजे। इतना ही नहीं भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आज इस कार्यक्रम में आशीर्वाद लेने आया हूँ। उन्होंने कहा कि हरियाणा में आज हर वर्ग परेशानी में है।
कार्यक्रम का आयोजन पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा, हरमोहिंदर सिंह चट्ठा, विधायक बीएल सैनी, विधायक मेवा सिंह ने किया और संचालन पूर्व मंत्री एवं विधायक गीता भुक्कल ने किया। कार्यक्रम में सांसद दीपेन्द्र हुड्डा, दो दर्जन से ज्यादा पार्टी विधायक, करीब 50 पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा-जजपा सरकार में लूट मची हुई है। हरियाणा के बारे में कोई सोच नहीं है। उन्होंने कहा कि सड़क में गढ्ढे नहीं गढ्ढों में सड़क है। उन्होंने बताया कि उनसे हरियाणा का किसान, मजदूर, गरीब, दलित, व्यापारी, कर्मचारी हर वर्ग मिला और वो सोचते थे कि कोई-न-कोई तो इस सरकार से संतुष्ट होगा। आज पूरे देश में हरियाणा बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार में नंबर 1 पर है। एचपीएससी, एचएसएससी में नौकरियां परचून की दुकान की तरह बिक रही हैं।
4 साल से यहां सेना में भर्ती नहीं हो रही है। तेजी से बढ़ती महंगाई का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि आम गृहणी का घर चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि जिस धारणा से गुरु तेगबहादुर जी ने बलिदान दिया आज उसी भावना से देश बचाने के लिये हम सभी को संघर्ष करना पड़ेगा। आज प्रजातंत्र खतरे में है। सभी को एक होकर लड़ाई लड़नी होगी।
पूर्व मुख्यमंत्री (Bhupendra Hooda) ने कहा कि 2014 में जब उनकी सरकार गई तो हरियाणा पर 70 हजार करोड़ का कर्ज था जोकि आज बढ़कर ढाई लाख करोड़ हो गया है। सरकार यह तो बताए कि आखिर उन्होने हरियाणा में किया क्या है? अपनी सरकार के समय किये गए कामों को बताते हुए हुड्डा ने कहा कि हमारी सरकार में 3 लाख 82 हजार गरीब परिवारों को 100-100 गज के मुफ्त प्लाट दिये। पूरे हिंदुस्तान में सबसे सस्ता डीजल किसान को मिलता था। खाद पर कोई टैक्स नहीं था। लेकिन आज खाद, पोटाश ब्लैक में बिक रही है।
हमने दादूपुर नलवी नहर बनाई। हरियाणा में देश की पहली ऐसी सरकार है जिसने खुदी हुई नहर को पाट दिया। गरीबों की दाल-रोटी योजना बंद कर दी, 100-100 गज प्लाट योजना बंद कर दी। इतना ही नहीं, एसवाईएल पर बजट में कोई चर्चा नहीं की, कोई प्रावधान नहीं किया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में स्कूल है तो मास्टर नहीं, दफ्तर में कर्मचारी नहीं, अस्पताल में डॉक्टर नहीं, अस्पताल है तो बिल्डिंग नहीं, कुछ मांगो तो सरकार कहती है खजाना नहीं है।
उन्होंने (Bhupendra Hooda) बताया कि चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री की मीटिंग में वो भी गए थे और कुरुक्षेत्र में गुरु तेगबहादुर जी के नाम से सरकारी मेडिकल कॉलेज बनवाने की मांग रखी थी। इस मौके पर पूर्व स्पीकर व विधायक डा. रघुबीर कादियान, पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश जेपी, कांग्रेसी नेता मनदीप चट्ठा, जगदीश राठी, सुभाष पाली, जलेश शर्मा, अशोक शर्मा सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter, Instagram, LinkedIn , YouTube पर फॉलो करें।