नरवाना में कारोबारी से रंगदारी मांगने वाले पर आई बड़ी जानकारी

नरेश जैन की दुकान पर पहुंचकर दी थी धमकी, बोले थे— “आपके पास फोन आएगा”

Sach Kahoon Picture
Published On

नरवाना (राहुल)। अपोलो चौक स्थित कारोबारी नरेश जैन की दुकान पर शनिवार दोपहर पहुंचकर कथित तौर पर धमकी देने और रंगदारी मांगने वाले पांच आरोपियों को नरवाना पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को ढाकल रजवाहे के पास से राउंडअप किया। मामले में पूछताछ जारी है और आरोपियों को जल्द अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक जींद कुलदीप सिंह के दिशा-निर्देशन में थाना शहर नरवाना पुलिस व सीआईए स्टाफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को कुछ ही घंटों में काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरजीत उर्फ बच्ची, प्रवेश, मयंक, राहुल तथा सचिन निवासी गांव काब्रच्छा जिला जींद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है।

गौरतलब है कि शनिवार दोपहर काले कपड़ों में दो युवक नरेश जैन की दुकान पर पहुंचे थे और कहने लगे थे कि “बॉस आपसे बात करना चाहते हैं।” इसके बाद युवकों ने नरेश जैन को दुकान के अंदर बुलाया और स्टाफ को भी अंदर आने से रोक दिया। दुकानदार के अनुसार युवकों ने पुरानी फायरिंग घटना का जिक्र करते हुए कहा था कि “जो गोली पहले आपकी दुकान पर चली थी, वो मेरी जूती की नोक के बराबर भी नहीं है।” इसके बाद उन्होंने मोबाइल नंबर सेव करवाने का प्रयास किया और जाते-जाते यह कहकर निकले थे कि “आपके पास फोन आएगा।”

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने कारोबारी से सुरक्षा के नाम पर हर महीने एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। आरोपियों में शामिल अमरजीत उर्फ बच्ची ने स्वयं को हाल ही में जेल से बाहर आया बताया था और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। घटना के दौरान तीन अन्य युवक भी वहां पहुंच गए थे और कुल पांच युवक दुकान के आसपास दिखाई दिए। बाहर निकलते समय युवकों ने दुकान के बाहर लगे मोबाइल नंबर की फोटो भी अपने मोबाइल फोन से खींची थी। पूरा घटनाक्रम दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया था।

घटना की सूचना मिलते ही हरियाणा के समाज न्याय एवं अधिकारिता मंत्री व नरवाना विधायक कृष्ण कुमार बेदी भी देर शाम मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने नरेश जैन और उनके परिवार से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली तथा जींद के पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह को फोन पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।

रात 11 बजे ढाकल रजवाहे के पास दबिश

शहर थाना प्रभारी पूर्ण दास ने बताया कि शनिवार दोपहर सूचना मिलते ही पुलिस और सीआईए टीम को एक्टिव मोड पर लगा दिया गया था। शहर में लगातार गश्त और निगरानी बढ़ाई गई। देर रात करीब 11 बजे पुलिस ने ढाकल रजवाहे के पास से पांचों आरोपियों को राउंडअप कर लिया।

थाना प्रभारी के अनुसार शिकायत के आधार पर थाना शहर नरवाना में मुकदमा नंबर 87 दिनांक 09.05.2026 धारा 190, 191(2), 308(4), 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपियों को ट्रैक किया गया। इसी आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अमरजीत नाम का एक आरोपी ऐसा भी है, जो पहले करनाल जेल में बंद रह चुका है और कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया था। पुलिस ने आरोपी राहुल, सचिन, मयंक व प्रवेश को अदालत में पेश कर जिला जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी अमरजीत उर्फ बच्ची का पुलिस रिमांड हासिल कर आगे की पूछताछ की जा रही है।

बदमाशों को पनपने नहीं देंगे

थाना प्रभारी पूर्णदास ने कहा कि पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेकर कार्रवाई कर रही है और शहर में किसी भी बदमाश को पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि डरने की जरूरत नहीं है। “पुलिस हर समय आमजन के साथ खड़ी है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

About The Author

Related Posts